By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 06, 2026
लंदन, छह अक्टूबर (एपी) अपनी किताबों के लिए दुनियाभर में मशहूर ब्रिटिश लेखक और विवादों में रहे पूर्व राजनीतिज्ञ जेफ्री आर्चर का निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन कंपनी ‘हार्परकॉलिन्स’ ने बताया कि आर्चर ने सोमवार को अपने घर पर अंतिम सांस ली।
उनका पहला उपन्यास ‘नॉट अ पेनी मोर, नॉट अ पेनी लेस’ 1976 में प्रकाशित हुआ था। कहा जाता है कि यह उनके उस व्यक्तिगत अनुभव से प्रेरित था, जब वह दिवालिया होने के करीब पहुंच गए थे। हार्परकॉलिन्स के अनुसार, उनकी किताबें ब्रिटेन की ‘संडे टाइम्स’ की सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तकों की सूची में 14 वर्ष और पांच महीने तथा ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तकों की सूची में पांच वर्ष से अधिक समय तक रहीं।
दुनियाभर में उनकी 30 करोड़ से अधिक किताबें बिकीं। आर्चर ने प्रधानमंत्री मारग्रेट थैचर के दौर में ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी में अपनी अलग पहचान बनाई। इसके बाद 1992 में प्रधानमंत्री जॉन मेजर ने उन्हें ‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ के लिए मनोनीत किया।
हालांकि, वर्ष 2001 में झूठी गवाही देने के मामले में जेल जाने से कुछ समय पहले उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। प्रकाशक के अनुसार, आर्चर के परिवार में उनकी पत्नी डेम मैरी आर्चर, दो बेटे और पांच पोते-पोतियां हैं।