ब्रिटिश प्रधानमंत्री जॉनसन भारत पहुंचे, अहमदाबाद में भव्य स्वागत, साबरमती आश्रम पहुंचे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 21, 2022

अहमदाबाद (गुजरात)। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अपनी भारत यात्रा पर बृहस्पतिवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे और शहर में हवाईअड्डे से एक होटल तक चार किलोमीटर के रास्ते पर उनका भव्य स्वागत किया गया। अहमदाबाद हवाईअड्डे पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने जॉनसन की अगवानी की। उनके स्वागत के लिए राज्य के वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री भी मौजूद रहे। हवाईअड्डे और सड़क पर पारंपरिक गुजराती नृत्य और संगीत मंडलियों ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री का स्वागत किया। यह ‘रोडशो’ हवाईअड्डे के बाहर से शुरू हुआ और दफनाला तथा रिवरफ्रंट से होते हुए आश्रम रोड से गुजरा। इसके बाद यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन अहमदाबाद के साबरमती आश्रम पहुंचे। एअरपोर्ट सर्किल से आश्रम रोड पर पांच सितारा होटल तक के चार किलोमीटर के रास्ते पर नियमित अंतराल पर 40 मंच बनाए गए थे जहां मंडलियां जॉनसन के स्वागत में पारंपरिक भारतीय नृत्य पेश कर रही थीं। सूत्रों ने बताया कि गुजरात की एक दिन की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री जॉनसन का राज्य के प्रमुख कारोबारियों के साथ बैठक का कार्यक्रम है। गुजरात सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार, इसके बाद वह पंचमहल जिले में हलोल के समीप ब्रिटिश निर्माण उपकरण कंपनी जेसीबी की विनिर्माण ईकाई के लिए रवाना होंगे। 

प्रमुख खबरें

RRB NTPC UG CBT 2 Admit Card जारी, 17 सितंबर 2026 को होगी परीक्षा

UPI और RuPay से 2000 रुपये तक के लेनदेन पर नहीं लगेगा कोई शुल्क, सरकार ने जारी किया निर्देश

Rishi Panchami पर सप्तऋषियों और देवी अरुंधती की पूजा, 15 सितंबर को बना शुभ संयोग

Emmy Awards 2026 Winners List | Noah Wyle से लेकर Allison Janney तक, इस रात की सबसे बड़ी जीत के बारे में जानें