बजट महाराज आयो रे (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Feb 03, 2024

बजटजी आकर्षक महाराज होते हैं जिनके आने से पहले आम जनता रंगीन ख़्वाब देखती हैं और ख़ास जनता को पहले से पता होता है कि बजट महाराज की योजनाएं उनका खूब ध्यान रखेंगी। हर राजनीतिक पार्टी के आर्थिक विशेषज्ञ अपने अपने आकलन जारी करते हैं जैसे सभी आवश्यक उपाय कर दिए गए हैं निश्चित ही पुत्ररत्न होगा। अनेक बार जब बजट महाराज शायरी या झूठी मुस्कुराहटों में लपेटकर घोषणाएं करें तो बेचारे वायदे और निकम्मे आश्वासन फुदक फुदक कर ज़िंदगी की परेशान गोद में रोने लगते हैं। बजट महाराज और विकास महाराज एक दूसरे के व्यवसायिक, सामाजिक व राजनीतिक शुभचिन्तक होते हैं तभी वे इतनी निपुणता से अधिकांश बातें करते हैं जो आम जनता को जलेबी जैसी लगती हैं और जलेबी भी ऐसी जो दूर से मीठी और स्वादिष्ट लगे और खाओ तो कड़वी और मुशकिल से निगले जाने वाली। उनकी अधिकांश योजनाएं सब की समझ में आने वाली नहीं होती।

इसे भी पढ़ें: हे व्हाट्सप युनिवर्सिटी आपको प्रणाम! (व्यंग्य)

हमारी बनाई चाय पीते हुए पत्नी बोली, कोई नई बात नहीं है हर बजट आम लोगों के लिए एक सबक होता है। मटर कम आएगी तो क्या इससे मैं दो सब्जियां बनाया करूंगी। आलू मटर की पारम्परिक सब्ज़ी के साथ मटर के छिलकों को साफ काट धोकर प्याज मिक्स कर सूखी सब्ज़ी। गोभी और ब्रॉकली की सूखी सब्ज़ी बना, मोटे मोटे लंबे डंठलों में से नर्म हिस्सा निकाल, आलू डाल रसेदार सब्ज़ी और मुरझाए हुए पत्तों व बचे सख्त हिस्से को अच्छी तरह से साफ कर उबालकर सूप बना दूंगी। बेचारे मिडल क्लास लोग तो सपने बुनने और उधेड़ने के लिए ही पैदा होते हैं। 

बजट महाराज के आने पर शासकों द्वारा इतराना और विपक्ष का शोर मचाना उनकी पारम्परिक लोकतान्त्रिक जिम्मेदारी है। आम जनता का नैतिक कर्तव्य हमेशा संयम बनाकर जीते रहना है। महाराज की सालाना सवारी आते ही ताली बजाना सभी का कर्तव्य है। वैसे, चुनावी मौसम में आए बजट महाराज सभी को लुभाने में माहिर माने जाते हैं। इस बार भी उन्होंने पधारकर खुशियों का जलवा बिखेरना शुरू कर दिया है, ऐसे में स्वास्थ्य का ध्यान रखना ज़रूरी है।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

कुट्टू, दही और स्ट्रॉबेरी से बनाएं व्रत का ये खास डेजर्ट, Kunal Kapur ने शेयर की है रेसिपी

10 साल में खाद्यान्न उत्पादन 49% बढ़ा, Rice Export और पैदावार में भारत दुनिया में नंबर 1

Parthiv Patel ने मिस की BCCI की डेडलाइन, क्या Chief Selector पद की दौड़ से हुए बाहर?

Mansa में नशा विरोधी कार्यकर्ता Parwinder Singh की हत्या, CM Bhagwant Mann ने दिए जांच के आदेश