By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 18, 2022
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए शुक्रवार को कहा कि चुनाव के दौरान राज्य के सभी बुलडोजर मरम्मत के लिये भेजे गए हैं, लेकिन बुलडोजर 10 मार्च (मतगणना की तारीख) के बाद अपना काम फिर से शुरू करेंगे। मैनपुरी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए योगी ने यह बात कही। मैनपुरी में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक अपराधियों के मन में डर नहीं होगा तब तक व्यवस्था को सही तरीके से आगे नहीं बढ़ाया जा सकता। उन्होंने कहा कि पेशेवर दंगाइयों और अपराधियों के लिये संदेश स्पष्ट है कि यदि वह अपराध करते हैं, तो उन्हें अंजाम भुगतना होगा।
योगी ने कहा कि 10 मार्च के बाद टैबलेट और स्मार्टफोन प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या दो करोड़ हो जाएगी। उन्होंने करहल में पार्टी उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने चार मौकों पर राज्य में सरकार बनाई थी पर उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन अयोध्या में भगवान राम के भक्तों पर गोलियां चलाईं। करहल में बघेल का मुकाबला सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से है।