BWF World Championships: PV Sindhu और Ayush Shetty का दबदबा, मगर Lakshya Sen की हार से भारत को बड़ा झटका

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 20, 2026

भारत के लक्ष्य सेन बुधवार को यहां बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के पुरुष एकल के दूसरे दौर में अमेरिका के गैरेट टैन के खिलाफ हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गए जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और उभरते हुए स्टार खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। विश्व चैंपियनशिप के पूर्व कांस्य पदक विजेता लक्ष्य पुरुष एकल के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में पूर्व विश्व जूनियर नंबर एक टैन की तेज गति, आक्रामक खेल और चकमा देने की रणनीति का सामना नहीं कर सके और 21-19, 19-21, 17-21 से हार गए।

वर्ष 2019 की विश्व चैंपियन और नौवीं वरीय सिंधू का अगला मुकाबला चीन की तीसरी वरीय वांग झी यी से होगा। आयुष शेट्टी ने श्रीलंका के डुमिंदु अबेयविक्रमा को 21-8, 21-10 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई जहां उनका सामना इंडोनेशिया के मजबूत खिलाड़ी अल्वी फरहान से होगा। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की पुरुष युगल जोड़ी भी वॉकओवर मिलने के बाद प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। विश्व चैंपियनशिप की दो बार की कांस्य पदक विजेता भारत की पांचवीं वरीय जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली थी और दूसरे दौर में उसका सामना स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डुन और एडम प्रिंगल से होना था।

हालांकि बुधवार को ही मिश्रित युगल मुकाबले के दौरान डुन के दाहिने टखने में चोट लगने के बाद स्कॉटलैंड की जोड़ी ने अंतिम समय में नाम वापस ले लिया। डुन और उनकी जोड़ीदार जूली मैकफर्सन मिश्रित युगल में पक्कापोन तीरारात्साकुल और सप्सिरी तेरातनाचाई के खिलाफ 8-18 से पीछे थे तभी डुन को चोट लगी। ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ने भी मकाऊ के लियोंग इओक चोंग और एनजी वेंग ची को 21-11, 21-11 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पदार्पण कर रहीं युवा उन्नति हुड्डा को महिला एकल के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में पहला गेम जीतने के बावजूद कनाडा की 12वीं वरीय मिशेल ली के खिलाफ 21-11, 9-21, 21-23 से हार का सामना करना पड़ा।

पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी को भी राउंड ऑफ 32 के एक अन्य मुकाबले में कांग मिन ह्युक और की डोंग जू की कोरिया की जोड़ी के खिलाफ 17-21, 14-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी। लक्ष्य को टैन की तेज गति और आक्रामक खेल से परेशानी हुई। अमेरिकी खिलाड़ी ने स्मैश का प्रभावी इस्तेमाल किया और बार-बार भारतीय खिलाड़ी के बैकहैंड वाले पिछले कोने को निशाना बनाया। उन्होंने जंप स्मैश और चकमा देने वाले शॉट् से भी लक्ष्य को परेशान किया। टैन ने पहले गेम में 4-1 की बढ़त बना ली लेकिन मुकाबला जल्द ही कड़ा हो गया और स्कोर 5-5 से 18-18 तक पहुंच गया।

इसके बाद लक्ष्य ने बढ़त हासिल की और पहला गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में टैन ने अपने आक्रमण को और तेज किया तथा रैलियों पर दबदबा बनाया। उन्होंने 4-0 की बढ़त बनाई और पूरे गेम में नियंत्रण बनाए रखा। लक्ष्य ने वापसी की कोशिश करते हुए स्कोर 15-20 तक पहुंचाया और चार गेम प्वाइंट बचाए लेकिन टैन ने आखिरकार गेम जीतकर मुकाबला बराबर कर दिया। निर्णायक गेम में टैन ने शुरुआत से ही नियंत्रण बना लिया और 12-4 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि सेन ने फिर जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 15-17 कर दिया।

टैन का 17वां अंक एक लंबी और रोमांचक रैली के बाद आया जिसमें वह आगे की ओर गिर गए और उन्हें मेडिकल टाइमआउट लेना पड़ा। टैन ने इसके बाद जंप स्मैश लगाकर स्कोर 18-16 कर दिया। इसके बाद लक्ष्य की सर्विस लंबी चली गई और टैन ने क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर चार मैच प्वाइंट हासिल कर लिए। लक्ष्य ने कुछ अच्छे स्मैश लगाकर खुद को मैच बनाए रखा लेकिन अगली रैली के दौरान फिसल गए। टैन ने मौके का फायदा उठाते हुए शटल को कोर्ट में गिरा दिया और यादगार जीत दर्ज की।

लक्ष्य ने मीडिया से बात करने से पहले अपने चोटिल पैर को आराम देने के लिए कुछ समय लिया। उन्होंने कहा, ‘‘काफी डाइव लगानी पड़ी और मेरे पैर में खिंचाव भी आ गया। मुकाबला काफी मुश्किल था।’’ लक्ष्य ने कहा, ‘‘वह काफी हावी रहा। मैं ज्यादातर समय बचाव करते हुए खेल रहा था। मेरे पास मौके थे, लेकिन वह अंक हासिल कर रहा था।

कई बार मैं दबाव में खेल रहा था।’’ डेनमार्क के रासमुस गेम्के ने भी बड़ा उलटफेर करते हुए ऑल इंग्लैंड चैंपियन और विश्व के 12वें नंबर के खिलाड़ी चीनी ताइपे के लिन चुन-यी को 13-21, 21-17, 21-11 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।

चौथी वरीयता प्राप्त डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसन ने एक अन्य मुकाबले में आयरलैंड के नाट एनगुएन को 102 मिनट तक चले मैराथन मुकाबले में 21-23, 21-19, 23-21 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। एक अन्य मुकाबले में पूर्व विश्व चैंपियन रत्चानोक इंतानोन को चोट के कारण अमेरिका की इशिका जायसवाल के खिलाफ मुकाबले से हटना पड़ा। उस समय इंतानोन 21-17, 7-11 से आगे थीं।

प्रमुख खबरें

Dada Bhuse का इस्तीफा मांगा: Abhijit Dipke ने लातूर में सरकारी स्कूलों की बदहाली पर सवाल उठाए

UP Police ने Pakistan ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर की कार्रवाई, 52 गिरफ्तार

1984 दंगा केस में उम्रकैद काट रहे पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार की मौत, दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में तोड़ा दम

Famous Temple: गुजरात का वो City of Temples जहां रात में रुकना है मना, जानें इसके Spiritual और दिव्य रहस्य