उप चुनाव नतीजों में हिमाचल में भाजपा चारों खाने चित, पार्टी में नेतृत्व पर उठने लगे सवाल

By विजयेन्दर शर्मा | Nov 02, 2021

शिमला। हिमाचल प्रदेश उपचुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को खासी फजीहत  झेलनी पड़ी है, क्योंकि वह राज्य की एक लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में हार गई है। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका देते हुए मंगलवार को मंडी लोकसभा उपचुनाव सहित तीनों विधानसभा क्षेत्रों - अर्की, फतेहपुर और जुब्बल-कोटखाई में जीत हासिल कर सबको चौंका दिया है।

इसे भी पढ़ें: प्रदेश में हुए उप-चुनावों के परिणाम घोषित

 

खासकर मंडी के चुनाव नतीजों ने सीएम जय राम ठाकुर के लिये नया संकट पैदा कर दिया है। चुनावों में उनकी ही पसंद के उम्मीदवार मैदान में उतारे गये। संगठन मंत्री पवन राणा व जय राम ठाकुर की ही इस बार चली। लेकिन पार्टी एक भी सीट जीत नहीं पाई। जिससे अब पार्टी में विरोध के स्वर बुलंद होने लगे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि जानबूझकर जनाधार वाले नेताओं को टिकट ही दिया गया। पार्टी में मंडी सीट हारने पर भी आरोपों का सिलसिला शुरू हो गया है। 

इसे भी पढ़ें: भाजपा इन उपचुनावों के नतीजों की करेगी समीक्षा : कश्यप

कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा सिंह ने मंडी सीट जीती, जो मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के लिए एक प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ था, क्योंकि यह उनके गृह जिले में आती है। प्रतिभा सिंह ने भाजपा के ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर (सेवानिवृत्त), को 8,766 मतों के मामूली अंतर से हराया, जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

इसे भी पढ़ें: चारों सीटों पर जीत का श्रेय संगठन को- कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता बोले- राठौर के नेतृत्व में जीत का सूखा खत्म हुआ

कांग्रेस के दिग्गज और छह बार के मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की विरासत को देश के सबसे कठिन और विशाल निर्वाचन क्षेत्रों में से एक, मंडी के संसदीय उपचुनाव के दौरान भाजपा के मुख्यमंत्री ठाकुर की विश्वसनीयता के खिलाफ एक प्रकार के परीक्षण या टेस्टिंग के लिए रखा गया था। प्रतिभा सिंह, जो अब मंडी से तीसरी बार सांसद बनी हैं, दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। यह सीट दो बार के भाजपा सांसद राम स्वरूप शर्मा की मृत्यु के बाद खाली हुई थी, जिन्होंने 2019 में अपने चुनावी पदार्पण में पूर्व दूरसंचार मंत्री सुख राम के पोते कांग्रेस उम्मीदवार आश्रय शर्मा को 3.98 लाख मतों के अंतर से हराया था। 

इसे भी पढ़ें: जुब्बल कोटखाई में कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने चुनाव जीता, भाजपा कैंडीडेट की जमानत जब्त

सहानुभूति वोटों पर नजर रखते हुए, प्रतिभा सिंह, जो चुनाव प्रचार के लिए पहली बार विधायक बने अपने बेटे विक्रमादित्य सिंह पर काफी हद तक निर्भर थीं, उन्होंने मंडी से सांसद के रूप में अपने पति के तीन कार्यकालों और मुख्यमंत्री के रूप में छह कार्यकालों के दौरान किए गए विकास कार्यो पर वोट मांगा। 2014 के लोकसभा चुनाव में मंडी सीट हारने वाली प्रतिभा सिंह ने मतदाताओं को यह याद दिलाने का कोई मौका नहीं छोड़ा कि मंडी उपचुनाव में जीत उन्हें (वीरभद्र सिंह) को श्रद्धांजलि होगी।

इसे भी पढ़ें: शुरुआती रुझानों में हिमाचल में कांग्रेस आगे भाजपा खेमे में मायूसी का आलम

उनके पति वीरभद्र सिंह, जिन्होंने एक शाही परिवार में पैदा होने के बावजूद आम लोगों के लिए 50 से अधिक वर्ष समर्पित किए, उन्होंने एक सांसद और मुख्यमंत्री दोनों के रूप में राज्य भर में यात्रा की थी। एक समृद्ध राजनीतिक विरासत को पीछे छोड़ते हुए, अनुभवी नेता का 87 वर्ष की आयु में 8 जुलाई को शिमला में निधन हो गया था। उनके पति 1971, 1980 और 2009 में मंडी से चुने गए थे। हालांकि, वीरभद्र सिंह 1977 में मंडी सीट से हार गए थे। उनकी मृत्यु के समय, वे अर्की विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। मंडी निर्वाचन क्षेत्र, जिसमें कुल्लू, मंडी और चंबा और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्र शामिल हैं, आदिवासी बहुल किन्नौर और लाहौल और स्पीति के अलावा, देश में सबसे बड़ा है।

पार्टी की हार स्वीकार करते हुये सीएम जय राम ठाकुर ने कहा जनमत को स्वीकार करता हूँ। आज मण्डी लोकसभा सहित अर्की, जुब्बल-कोटखाई और फतेहपुर विधानसभा उपचुनावों के नतीजे सामने आए हैं। मैं जनता के निर्णय को स्वीकार करता हूँ और कॉंग्रेस के विजेता प्रत्याशियों को बधाई। हम हार पर चिंतन व मंथन करेंगे तथा आगे की रूपरेखा बनाएंगे। जो भी कमी रही है उसकी भरपाई की जाएगी।निश्चित तौर पर प्रदेश भाजपा वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों की जीत के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला