‘बच्चों की मासूमियत की रक्षा करके आप पूरी मानवता की सेवा करेंगे’: मेलानिया ट्रंप का पुतिन को पत्र

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 17, 2025

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नाम एक पत्र लिखा और उनसे प्रत्यक्ष तौर पर यूक्रेन में शांति का अनुरोध किया। मेलानिया ट्रंप के इस पत्र में यूक्रेन का नाम नहीं लिया गया लेकिन पुतिन से बच्चों और उनकी उस मासूमियत के बारे में विचार करने की अपील की गई ‘‘जो भौगोलिक सीमाओं, सरकार और विचारधारा से परे है।’’

ट्रंप ने मेलानिया का यह पत्र पुतिन को अलास्का में सौंपा। ट्रंप और पुतिन के बीच शुक्रवार को अलास्का में शिखर बैठक हुई जिसमें यूक्रेन और रूस के बीच लंबे समय से जारी युद्ध को समाप्त करने संबंधी बातचीत की गई हालांकि इस बैठक का कोई ठोस परिणाम नहीं निकला।

अमेरिकी प्रथम महिला ने अपने पत्र में संघर्ष का उल्लेख सीधे तौर पर नहीं किया बस पुतिन से इतना कहा कि वे अपने प्रयास से उन बच्चों की हंसी वापस ला सकते हैं जो इस संघर्ष में फंस गए हैं।

उन्होंने पत्र में लिखा, ‘‘इन बच्चों की मासूमियत की रक्षा करके आप न सिर्फ रूस की बल्कि पूरी मानवता की सेवा करेंगे।’’ इस पत्र की एक प्रति सबसे पहले ‘फॉक्स न्यूज डिजिटल’ को मिली और बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति के समर्थकों जिनमें अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी भी शामिल हैं, ने इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया।

मेलानिया ट्रंप ने कहा कि पुतिन केवल कलम से ही इन बच्चों की मदद कर सकते हैं। ऐसे आरोप हैं कि यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद यूक्रेन से बच्चों को पकड़कर रूस ले जाया गया है। अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय ने पुतिन के खिलाफ युद्ध अपराधों का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

प्रमुख खबरें

सपा नेता Azam Khan को Supreme Court और High Court से बड़ी राहत

जामनगर में HADR अभ्यास सहायता सेतु शुरू, Quad की कार्यस्तरीय बैठक भी आयोजित

NDMC दिल्ली के तीन प्रमुख पार्कों में शुरू करेगी पांच प्रकृति कैफे, मिली मंजूरी

मनीला में Quad Summit: वैश्विक तनाव के बीच शांति और स्थिरता की जरूरत, PM Modi ने दिया जोर