By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में, दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसरों के पुन: उपयोग के माध्यम से एवं 3230 करोड़ रूपये की कुल अनुमानित परियोजना लागत से ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय के विकास को मंजूरी दी गई। अधिकारियों के अनुसार, इसे एक ऐसे महत्वपूर्ण संग्रहालय के रूप में परिकल्पित किया गया है, जो भारत की, समृद्ध सभ्यतागत विरासत की निरंतरता, विविधता और संपन्नता को प्रदर्शित करेगा। इसमें देश की मूर्त और अमूर्त सांस्कृतिक विरासत को एक एकीकृत कहानी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
सरकार ने कहा कि ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर का पुन:उपयोग करके संग्रहालय विकसित किया जाएगा, जिसमें ‘इनकी वास्तुशिल्प विशेषताओं और विरासत के महत्व को सुरक्षित रखते हुए इन्हें एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान में बदला जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 1,78,509 वर्ग मीटर के प्रस्तावित निर्मित क्षेत्र में फैला यह संग्रहालय, समकालीन संग्रहालय पद्धतियों, उभरती तकनीकों और आगंतुकों पर केंद्रित विमर्श को एक साथ लाएगा। उन्होंने बताया कि प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संग्रहालयों के मानकों पर खरा उतरने वाला ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ दुनिया का सबसे बड़ा ‘डिस्प्ले क्षेत्र’ वाला संग्रहालय होगा।
सीसीईए ने बताया कि ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आज हुई बैठक में, नयी दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक कॉम्प्लेक्स में ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ के विकास को मंजूरी दी गई है। सार्वजनिक निवेश बोर्ड (पीआईबी) के आकलन के अनुसार, इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 3,230 करोड़ रुपये है।’’ प्रधानमंत्री ने 18 मई, 2023 को इस महत्वाकांक्षी संग्रहालय परियोजना की घोषणा की थी। यह संग्रहालय विशेष रूप से तैयार की गई विषय-आधारित दीर्घाओं, प्रदर्शनियों और भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं, ज्ञान प्रणालियों, कलात्मक प्रथाओं तथा विरासत की व्याख्या के माध्यम से भारत की सभ्यतागत यात्रा को प्रस्तुत करेगा।
सीसीईए ने एक बयान में कहा कि इस परियोजना में विथिकाओं का विकास, संग्रह को रखने और संरक्षण सुविधाएं, आगंतुकों के लिए सुविधाएं, तकनीकों का एकीकरण, अत्याधुनिक इमारत प्रणाली और इससे जुड़ा बुनियादी ढांचा शामिल है। बयान के मुताबिक, ‘‘यह परियोजना वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2030-31 तक चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। ‘सजावट’की थीम पर आधारित पहली विथिका 2027 के उत्तरार्ध में नॉर्थ ब्लॉक में आम जनता के लिए खुलने की उम्मीद है।’’