By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 02, 2020
दुमका। झारखंड की दुमका सुरक्षित एवं बेरमो विधानसभा सीटों पर आज शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया और अब तीन नवंबर को दोनों सीटों के लिए मतदान होगा। दुमका (सु0) विधानसभा उप चुनाव 3 नवम्बर को होना है, ऐसे में रविवार शाम पांच बजे से चुनावी प्रचार अभियान थम गया लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान मुख्य रूप से भाजपा और झामुमो प्रत्याशियों के पक्ष में नेताओं की ताबड़तोड़ सभाओं का आयोजन किया और जनसम्पर्क अभियान चलाया। राजग की तरफ से भाजपा प्रत्याशी लुईस मरांडी के पक्ष में पूर्व मुख्यमंत्रियों बाबूलाल मराण्डी, रघुवर दास तथा अर्जुन मुंडा के अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश, सांसद निशिकांत दूबे सहित अनेक नेताओं ने अपनी ताकत झोंकी, वहीं दूसरी ओर झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन की जीत के लिये स्वयं उनके बड़े भाई तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा प्रमुख रूप से मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक इरफान अंसारी, मंत्री आलमगीर आलम, सत्यानंद भोक्ता के अलावा रामेश्वर ऊराँव, बन्ना गुप्ता, राजद राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संजय यादव आदि ने प्रचार किया। इस विधानसभा सीट पर पुरुष मतदाताओं की संख्या 126210 और महिला मतदाताओं की संख्या 124510 है तथा रक्षा सेनाओं में कार्यरत मतदाता 274 हैं जो भाजपा, झामुमो सहित कुल 12 उमीदवारों के भाग्य का फैसला तीन नवंबर को करेंगे।