उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण का प्रचार थमा, 7 को मतदान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 05, 2022

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी समेत उत्तर प्रदेश के नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटों पर सातवें और अंतिम चरण का प्रचार शनिवार शाम को समाप्त हो गया। इन क्षेत्रों में सोमवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होना है। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए चल रहा प्रचार अभियान शनिवारशाम छह बजे थम गया। राज्‍य के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने बताया कि शनिवार को सातवें चरण की 54 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार थम गया और अब निष्पक्ष मतदान कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़ और जौनपुर जिलों के 54 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार पर रोक लग गई। इन क्षेत्रों में कुल 613 उम्मीदवार अपनी तकदीर आजमा रहे हैं। सातवें चरण की 54 सीटों में 11 अनुसूचित जाति, जबकि दो अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। सातवें चरण में लगभग 2.06 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शुक्ल ने बताया कि सातवें चरण के लिए तीन विधानसभा क्षेत्रों चकिया (अजा), राबर्ट्सगंज और दूधी (अजजा) में शनिवार दोपहर चार बजे, जबकि बाकी 51 विधानसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों द्वारा किए जा रहे प्रचार-प्रसार पर शाम छह बजे से प्रभावी रूप से रोक लग गई। 

भाजपा के शीर्ष नेताओं ने चेतावनी दी कि योगी सरकार द्वारा माफिया तत्वों को जेल में डाल दिया गया है और अगर सपा की सरकार बनी तो माफिया फिर जेल से बाहर हो जाएंगे। जनवरी में यूपी विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद राज्‍य में पहले चरण का मतदान दस फरवरी से हुआ था और सात मार्च को अंतिम चरण का मतदान समाप्त होने के बाद 10 मार्च को मतगणना की जाएगी। अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में विधानसभा चुनाव की अपनी आखिरी जनसभा को संबोधित किया। वहीं, सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव तीसरे चरण की मैनपुरी की करहल सीट पर चुनाव प्रचार के बाद दूसरी बार सातवें चरण में जौनपुर जिले की मल्हनी सीट पर सभा को संबोधित करते आए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने भी वाराणसी में सपा गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। उधर, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी ने भी वाराणसी में कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड़डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ तथा उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस क्षेत्र में भाजपा नीत गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।

प्रमुख खबरें

IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद Gurnoor Brar पर गिरी गाज, ICC ने सुनाई अनुशासनहीनता की सजा

Shubman Gill ने Retired Hurt पर तोड़ी चुप्पी, England के खिलाफ ऐंठन के बाद Captain ने दिया Fitness Update

Ravichandran Ashwin का बड़ा सुझाव, ICC World Cup से पहले उभरती टीमों को मिले द्विपक्षीय सीरीज का मंच

FIFA World Cup: अर्जेंटीना फाइनल में, जीत के बाद Jordan Pickford की Secret Bottle पढ़ते दिखे Lionel Messi