Canada सैन्य अभ्यास के दौरान लगी आग में एक और जवान की मौत, मृतकों की संख्या 5 हुई

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

कनाडा में पिछले महीने सैन्य प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान तेज हवाओं के कारण घास में लगी आग की चपेट में आने से घायल एक और सैनिक की मौत हो गई और इसके साथ ही इस घटना में जान गंवाने वाले सैनिकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। कनाडा के सशस्त्र बलों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सेना ने बताया कि सैनिक विलियम डगलस डल बियांको की शुक्रवार को ओंटारियो के एक अस्पताल में मौत हो गई।

अल्बर्टा प्रांत में स्थित कनाडाई सैन्य अड्डे वेनराइट में 17 अक्टूबर को लगी आग के बाद से उनका इसी अस्पताल में इलाज चल रहा था। एडमंटन के दक्षिण-पूर्व में स्थित इस सैन्य अड्डे पर ‘प्रिंसेस पैट्रिशियाज कैनेडियन लाइट इन्फैंट्री’ की तीसरी बटालियन के लगभग 84 सैनिक हमले का प्रशिक्षण ले रहे थे, तभी तेज हवाओं के कारण घास में लगी आग की लपटें उनकी ओर बढ़ने लगीं। सेना ने शनिवार को बताया कि 24 सैनिक अब भी अस्पताल में भर्ती हैं।

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सैनिक डल बियांको और उनके साथी कनाडा की रक्षा के लिए प्रशिक्षण ले रहे थे। उनके सामने अपना उज्ज्वल भविष्य था, लेकिन उन्होंने हमारे भविष्य की रक्षा करने का रास्ता चुना। यही देशसेवा है।’’ इस घटना में जान गंवाने वाले अन्य सैनिकों की पहचान शॉन फैरेल (23), एडन गोल्डिंग (23), हेडन लिक्केमार्क (19) और सार्जेंट मॉर्गन वोंग (26) के रूप में हुई है।

सैन्य पुलिस आग लगने की घटना की जांच कर रही है। इसके अलावा, सेना का एक अलग जांच बोर्ड इस त्रासदी से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल करेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सुझाएगा। कार्नी ने इस घटना को कनाडा की धरती पर शांतिकाल के दौरान देश की सेना से जुड़ी सबसे भीषण त्रासदियों में से एक बताया है।

प्रमुख खबरें

Chhath Vrat 2026: छठी मैया की उपासना का पर्व Chhath Puja शुरू, डूबते और उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

उत्तर प्रदेश में SIR के जरिए दलितों और पिछड़ों को निशाना बना रही BJP: Congress

Delhi में AQI 367 पर पहुंचा, बायोमास का दहन बना प्रदूषण का प्रमुख कारण

Pakistan के Balochistan और KP में मुठभेड़, 24 चरमपंथी और 4 सैन्यकर्मी ढेर