Canara Bank जुटाएगा 4500 करोड़ रुपये, कारोबार विस्तार के लिए जारी होंगे AT-1 Bonds

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 10, 2026

सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक ने बृहस्पतिवार को बासेल-तीन मानकों के अनुरूप अतिरिक्त टियर-1 बॉन्ड के जरिये 4,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की घोषणा की। बैंक यह राशि मुख्य रूप से कारोबार विस्तार के लिए जुटा रहा है। केनरा बैंक ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि यह पूंजी जुटाने की योजना का हिस्सा है।

यह नियामकीय मंजूरी पर निर्भर होगा। बैंक ने कहा कि इस बॉन्ड को लेकर निवेशकों में काफी रुचि रहने की उम्मीद है। इस पर 7.85 से 7.90 प्रतिशत कूपन दर यानी ब्याज रहने का अनुमान है।

केनरा बैंक ने कहा कि पूंजी जुटाने की यह योजना ऐसे समय में आई है जब बैंक के प्रमुख कारोबार क्षेत्रों में लगातार वृद्धि हो रही है। बैंक के अनुसार, वह 30 लाख करोड़ रुपये के कारोबार को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जमा के साथ खुदरा, कृषि, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम तथा कॉरपोरेट कर्ज में लगातार वृद्धि से इसे मदद मिल रही है।

बैंक ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक की हाल में घोषित एफसीएनआर(बी) (विदेशी मुद्रा प्रवासी भारतीय-बैंक) जमा के मामले में भी उसे ग्राहकों का मजबूत भरोसा मिला है। इसके तहत बैंक 5.80 अरब डॉलर जुटाने में सफल रहा है। बैंक के मुताबिक, इतनी बड़ी राशि जुटाना उसकी व्यापक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी तथा ग्राहकों के लगातार भरोसे को बताता है।

केनरा बैंक ने कहा कि प्रस्तावित अतिरिक्त टियर-1 बॉन्ड जारी करने से उसकी पूंजी की स्थिति और मजबूत होगी। इससे मजबूत पूंजी आधार और वित्तीय मजबूती बनाए रखते हुए कारोबार के विस्तार के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे।

प्रमुख खबरें

Karnataka में Shivakumar सरकार के 100 दिन बिना उपलब्धि के बीते: Vijayendra

अमेरिका को चुभता BRICS, भारत के लिए कितना फायदेमंद?

SEBI ने कॉरपोरेट बॉन्ड के लिए Demat 2.0 पायलट प्रोजेक्ट किया शुरू

BRICS Summit में India के सामने बड़ी चुनौती, Amitabh Kant बोले- West और China में संतुलन जरूरी