By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 08, 2021
नयी दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी की कप्तान रानी रामपाल और टीम की उनकी छह अन्य साथियों के साथ दो सहायक सदस्य बेंगलुरु में भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) केन्द्र में दो सप्ताह तक पृथकवास पर रहने के बाद कोविड-19 के संक्रमण से उबर गए हैं। रानी के अलावा सविता पूनिया, शर्मिला देवी, रजनी, नवजोत कौर, नवनीत कौर और सुशीला के साथ कोरोना वायरस के चपेट में आने वालों में टीम के वीडियो विश्लेषक अमृतप्रकाश और वैज्ञानिक सलाहकार वेन लोम्बार्ड शामिल थे। इन सातों खिलाड़ियों को 10 दिनों के ब्रेक के बाद बेंगलुरु में राष्ट्रीय शिविर में भारतीय महिला हॉकी कोर ग्रुप की वापसी के बाद 24 अप्रैल को जांच में पॉजिटिव पाया गया था।
रानी ने देशवासियों से आग्रह किया कि वे इन कठिन समय में जरूरतमंदों की हर संभव मदद करें। उन्होंने कहा, ‘‘ इस बारे में जानकर बहुत दुख हो रहा कि इतने सारे लोग अपने प्रियजनों को खो रहे है, उन सब के लिए मैं प्रार्थना कर रही हूं। कृपया अपने निकट और प्रियजनों की जितना हो सके उतनी मदद करें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आइए मिलकर इस महामारी से लड़ें। सुरक्षित रहें, मास्क पहनें और कोविड-19 से जुड़ी सभी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें।