By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 31, 2023
पंजाब पुलिस ने फिल्म ‘यारियां-2’ के एक गाने में कथित तौर पर अभिनेता को ‘कृपाण’ पहने हुए दिखाए जाने से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में निर्देशक भूषण कुमार, निर्माता राधिका राव, विनय सप्रू और अभिनेता मीजान जाफरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उप निरीक्षक अशोक कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि सिख तालमेल कमेटी के एक सदस्य की शिकायत पर जालंधर जिले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला बुधवार रात दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा-295ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य, जिसका उद्देश्य किसी वर्ग के धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना है) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत दर्ज कराने वाले कमेटी के सदस्य हरप्रीत सिंह के अनुसार, फिल्म के गाने में अभिनेता कथित तौर पर ‘कृपाण’ पहने दिख रहे हैं।
इसके बाद एसजीपीसी ने कहा था, ‘‘हम आपकी बेतुकी सफाई से संतुष्ट नहीं हैं।’’ स्पष्टीकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए एसजीपीसी ने कहा, ‘‘सिख समुदाय ‘कृपाण’ और ‘खुकरी’ के आकार और दोनों को अपने शरीर पर धारण करने के तरीके से अच्छी तरह से वाकिफ हैं। हम आपके अतार्किक स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं हैं। इसलिए, हम इस मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने जा रहे हैं, क्योंकि गाने का वीडियो अभी भी सार्वजनिक तौर पर दिखाया जा रहा है और लगातार सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहा है।