केरलम में 2008 के Murder Case का भगोड़ा आरोपी UAE से भारत लाया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026

केरलम में 2008 के एक हत्या मामले में वांछित एक आरोपी को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से स्वदेश वापस लाया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सीबीआई ने हत्या मामले में वांछित एक व्यक्ति को यूएई से वापस लाने में केरलम पुलिस के साथ समन्वय किया।

हत्या के मामले में आरोपी रागेश उन्नीकोचन का पता लगाने और उसे भारत वापस लाने के प्रयासों में इंटरपोल की मदद ली गई। सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘केरलम पुलिस के अनुरोध पर एनसीबी-नयी दिल्ली (सीबीआई) ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ ‘रेड (कॉर्नर) नोटिस’ जारी कराया। यूएई के अधिकारियों द्वारा आरोपी को गिरफ्तार किये जाने के बाद, उचित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने पर उसे भारत को प्रत्यर्पित करने की अनुमति दी गई।’’ बयान में कहा गया है कि केरलम पुलिस का एक दल यूएई गया, जहां आरोपी को भारत से पहुंचे दल को सौंप दिया गया।

भारतीय दल बुधवार को केरलम के तिरुवनंतपुरम पहुंचा। बयान के अनुसार, केरलम पुलिस द्वारा दर्ज हत्या के एक मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी। प्रवक्ता ने कहा कि वह कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए जांच के दौरान फरार हो गया था और उसके खिलाफ अदालत में पहले ही आरोप-पत्र दाखिल किया जा चुका है।

सीबीआई ने कहा कि 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 281 से अधिक वांछित अपराधियों को सफलतापूर्वक भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें 73 ऐसे फरार अपराधी शामिल हैं, जिन्हें 2026 के दौरान अब तक भारत लाया जा चुका है। मामले के अनुसार, केरलम के त्रिशूर जिले के तिरुमंगलम में एक अक्टूबर 2008 को एक व्यक्ति की हत्या की गई थी।

इस मामले में राज्य पुलिस ने रागेश के साथ अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था। आरोप है कि उसने पुरानी रंजिश के चलते हत्या को अंजाम दिया था। पीड़ित को गंभीर चोटें आई थीं और उसे इलाज के लिए त्रिशूर के वेस्ट फोर्ट अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी।

प्रमुख खबरें

Lateef Bhat की मौत ने Pakistan की नींद उड़ाई, ISI ने अब 500 आतंकियों की घुसपैठ की योजना बनाई!

Mandi के जलाशयों में Siberia और मध्य एशिया से प्रवासी पक्षी पहुंचे

Iran को कभी परमाणु हथियार नहीं लेने देंगे, Putin और Xi Jinping संग बैठक में बोले Trump

Narendra Modi का GTA पर बयान, आजम को सुप्रीम राहत और Trump-Xi वार्ता समेत प्रमुख घटनाक्रम