कोयला चोरी मामला: करीब डेढ़ घंटे चली अभिषेक बनर्जी की पत्नी से CBI की पूछताछ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 23, 2021

कोलकाता।सीबीआई की एक टीम मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के दक्षिण कोलकाता स्थित आवास पर उनकी पत्नी रुजिरा से कथित कोयला चोरी मामले में पूछताछ की। डेढ़ घंटे तक चली पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम अभिषेक बनर्जी के घर से निकल गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सीबीआई की टीम के वहां पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अपने भतीजे एंव तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के दक्षिण कोलकाता में हरीश मुखर्जी रोड स्थित आवास पर उनसे मुलाकात करने पहुंची। ममता यहां केवल 10 मिनट ही रुकी थीं। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी ने सोमवार को सीबीआई के समन का जवाब देते हुए कहा कि कथित कोयला चोरी घोटाले में पूछताछ के लिए वह23 फरवरी 2021 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक उपलब्ध रहेंगी। सूत्रों ने बताया कि अवैध कोयला उत्खनन मामले में सीबीआई ने रुजिरा के बैंक लेनदेन का विवरण मांगा है। सीबीआई ने सोमवार को रुजिरा की बहन मेनका गंभीर से भी इस मामले में पूछताछ की थी।

सीबीआई की दो महिला अधिकारी पूछताछ के लिए सोमवार को रुजिरा की बहन मेनका गंभीर के कोलकाता स्थित आवास पहुंची थी और उनसे करीब तीन घंटे तक पूछताछ की थी। सत्तारूढ पार्टी ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों से पहले तृणमूल कांग्रेस के नेता के रिश्तेदारों से एजेंसी पूछताछ कर रही है। राज्य में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। केन्द्रीय जांच एजेंसी ने गत नवंबर में चोरी रैकेट के कथित सरगना मांझी उर्फ लाला, ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (ईसीएल) के महाप्रबंधकों-अमित कुमार धर (तत्कालीन कुनुस्तोरिया क्षेत्र और अब पांडवेश्वर क्षेत्र)तथा जयेश चंद्र राय (काजोर क्षेत्र) , ईसीएल के सुरक्षा प्रमुख तन्मय दास, क्षेत्र सुरक्षा निरीक्षक, कुनुस्तोरिया, धनंजय राय और एसएसआई एवं काजोर क्षेत्र के सुरक्षा प्रभारी देबाशीष मुखर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोप है कि मांझी उर्फ लाला कुनुस्तोरिया और काजोर क्षेत्रों में ईसीएल की पट्टे पर दी गईं खदानों से कोयले के अवैध खनन और चोरी में लिप्त हैं।

प्रमुख खबरें

Sri Lanka Airport पर 55,600 सिगरेट की तस्करी करते दो भारतीय गिरफ्तार

Indian Hockey Team का शर्मनाक प्रदर्शन, World Cup Selection पर दिग्गजों ने उठाए गंभीर सवाल

GCT Grand Finale: R Praggnanandhaa ने Vincent Keymer को रौंदकर फाइनल में बनाई जगह, अब Fabiano Caruana से टक्कर

Telangana के Hanamkonda में 1.25 करोड़ का गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार