By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 23, 2020
मुंबई। सीबीआई अधिकारियों ने रविवार को सुशांत सिंह राजपूत के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी और बावर्ची नीरज सिंह तथा घरेलू सहायक दीपेश सावंत से यहां डीआरडीओ अतिथि गृह में अभिनेता की मौत के सिलसिले में पूछताछ की। एक अधिकारी ने बताया कि जांच दल के अधिकारी बाद में इन लोगों के साथ बांद्रा में अभिनेता के फ्लैट पर भी गए। अधिकारी ने कहा कि आज सुबह सांताक्रूज के कलीना इलाके में स्थित डीआरडीओ अतिथि गृह में पिठानी, नीरज और सावंत अलग-अलग पहुंचे। केंद्रीय जांच दल के अधिकारी यहीं ठहरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि 14 जून को जब राजपूत (34) अपने कमरे में फंदे से झूलते पाए गए थे तब वे घर में मौजूद थे। इन तीनों से सीबीआई अधिकारियों ने करीब पांच घंटे तक पूछताछ की और बाद में करीब पौने तीन बजे वह इन लोगों को अपने साथ लेकर उपनगरीय बांद्रा के मॉन्ट ब्लांक अपार्टमेंट स्थित दिवंगत अभिनेता के घर गए।