Kolkata Doctor Rape And Murder Case । पूर्व प्राचार्य की ‘कॉल डिटेल’ चाहती है CBI, तीसरे दिन पूछताछ जारी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 18, 2024

कोलकाता। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारी एक महिला चिकित्सक के कथित बलात्कार और हत्या मामले की जांच के संबंध में सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष की ‘कॉल डिटेल’ और ‘चैट’ की जानकारियां जुटा रहे हैं। जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को लगातार तीसरे दिन सीबीआई अधिकारियों के समक्ष पेश हुए घोष को अस्पताल में घटना से पहले और उसके बाद किए फोन कॉल की जानकारियां देने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि अधिकारी घोष की ‘कॉल डिटेल’ और डेटा उपयोग की जानकारियां प्राप्त करने के लिए मोबाइल फोन सेवा प्रदाता से संपर्क करने पर विचार कर रहे हैं। सीबीआई ने शनिवार देर रात तक करीब 13 घंटे तक घोष से पूछताछ की थी। घोष रविवार सुबह 11 बजे सॉल्ट लेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में सीबीआई कार्यालय फिर से पहुंचे।

सीबीआई अधिकारी के मुताबिक, घोष के जवाबों का मिलान वारदात की रात को चेस्ट मेडिसिन विभाग में ड्यूटी पर मौजूद अन्य चिकित्सकों और प्रशिक्षुओं के बयानों से किया जाएगा। सीबीआई ने अपनी जांच के संबंध में कोलकाता पुलिस के कई अधिकारियों समेत 20 से अधिक लोगों से अभी तक पूछताछ की है। घोष ने रविवार देर रात को सॉल्ट लेक में सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित सीबीआई कार्यालय से निकलते वक्त मीडिया के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।

सीबीआई अधिकारियों ने सबसे पहले शुक्रवार को घोष से पूछताछ की थी। इसके बाद उन्हें शनिवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया था। घोष ने नौ अगस्त को महिला चिकित्सक का शव मिलने के दो दिन बाद प्राचार्य पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने ऊपर हमले का डर जताया था, जिसके बाद उनके वकील ने कलकत्ता उच्च न्यायालय से सुरक्षा मांगी थी। अदालत ने उन्हें एकल पीठ के पास जाने का निर्देश दिया था। परास्नातक प्रशिक्षु चिकित्सक का शव नौ अगस्त को आर जी कर अस्पताल के संगोष्ठी कक्ष में मिला था। पुलिस ने इस सिलसिले में अगले दिन एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।

प्रमुख खबरें

AFC U-20 Asian Cup में India U-20 Team की ऐतिहासिक एंट्री, Qualifier में बांग्लादेश को दी करारी शिकस्त

ISRO की भूमिका नहीं होगी कम, IN-SPACe प्रमुख Pawan Goenka ने दिया स्पष्टीकरण

Punjab Power Crisis: कोयला संकट से पंजाब में 1500 MW उत्पादन ठप, बत्ती गुल

Tier-2 और Tier-3 शहरों के Startup में भारी नवाचार क्षमता, बोले Jitendra Singh