CDF Asim Munir ने अफगान तालिबान को TTP, Pakistan में से किसी एक को चुनने को कहा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 22, 2025

रक्षा बलों के प्रमुख (सीडीएफ) फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने अफगानिस्तान के तालिबान शासन को टीटीपी और पाकिस्तान के बीच किसी एक को चुनने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि (अफगानिस्तान) सीमा से घुसपैठ करने वाले ज्यादातर आतंकवादी समूहों में अफगान नागरिक शामिल हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सीमा पार से हो रहे आतंकवाद में अफगान नागरिकों की बड़ी भूमिका है। दस दिसंबर को दिए गए भाषण के आधिकारिक विवरण संक्षिप्त थे, लेकिन उनके भाषण के कुछ अंश रविवार को स्थानीय टेलीविजन पर प्रसारित किए गए।

मुनीर ने कहा, “पाकिस्तान में आने वाले टीटीपी संगठनों में 70 प्रतिशत अफगानी हैं। क्या अफगानिस्तान हमारे पाकिस्तानी बच्चों का खून नहीं बहा रहा है?’’ उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि अफगान तालिबान को पाकिस्तान और टीटीपी में से किसी एक को चुनना होगा। सीडीएफ ने कहा कि इस्लामी देश में जिहाद का आदेश सरकार के अलावा कोई और नहीं दे सकता।

उन्होंने कहा, ‘‘अधिकार प्राप्त व्यक्तियों के आदेश, अनुमति और इच्छा के बिना कोई भी जिहाद के लिए फतवा जारी नहीं कर सकता।’’ उनके भाषण में इस्लामी संदर्भों की भरमार थी, और उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कुरान की कई आयतों का भी हवाला दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारत के साथ मई में हुए संघर्ष के दौरान पाकिस्तान को ‘‘ईश्वरीय सहायता’’ मिली।

पहलगाम आतंकी हमले में 26 नागरिकों की मौत के बाद भारत ने सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाया गया था।

प्रमुख खबरें

IIT Indore अध्ययन: विरोध स्थलों की दूरी और पहुंच तय करती है लोकतांत्रिक प्रदर्शनों का असर

Jayant Chaudhary ने Delhi में जारी प्रदर्शनों पर उठाया सवाल, पुलिस सुरक्षा का किया बचाव

राजस्थान में कथित पुलिस ज्यादती के खिलाफ कॉजपा 10 दिन में करेगी बड़ा आंदोलन

MP Voter List: मतदाता बनने के लिए उमड़े युवा, Form 6 के मिले 4 लाख से अधिक आवेदन