पृथ्वी दिवस मनायो रे (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Apr 24, 2025

पृथ्वी दिवस की महत्ता पर लेख तो आयोजन के एक दो दिन बाद भी लिखा जा सकता है। मुझे लगता है पृथ्वी दिवस हर साल जल्दी आ जाता है। अभी तो पृथ्वी संवारने और बचाने के लिए पिछले साल रोपित योजनाएं पूरी तरह से अंकुरित भी नहीं हो पाती और अगला पृथ्वी दिवस आ जाता है। शर्म के मारे पुरानी योजनाओं की ही लीपापोती करके नया कहना पड़ता है। 

इसे भी पढ़ें: भ्रष्टाचार के बाप निकले बाबू (व्यंग्य)

पृथ्वी दिवस पर छपा एक डिज़ाइनर विज्ञापन, पृथ्वी के प्रति मेरा ध्यान, अविलम्ब आकर्षित करने में कामयाब रहा। कमबख्त ये डिज़ाइनर चीजें बहुत प्रभावशाली होती हैं। इस विज्ञापन में बेहद प्रेरक बातें छपी हैं। थीम दिया गया है, ‘अवर पावर अवर प्लेनेट’। अंग्रेज़ी में पढ़ते हुए बोलना, सीखना कितना आसान है रे। पृथ्वी दिवस पर प्रकृति को पोषित करने की प्रतिबद्धता दोहराई ताकि सभी देशों का यानी पृथ्वी का भविष्य बेहतर हो सके। विज्ञापन में आह्वान रहा, इस धरती को संपन्न बनाएं, आओ मिलकर वृक्ष लगाएं, वृक्ष इस धरा का आभूषण, दूर करे प्रदूषण, जन जन मिलकर आए, विश्व पृथ्वी दिवस मनाएं । आपको भी अच्छा लगा होगा यह पढ़कर। यह दिलकश, रंगीन, महंगा विज्ञापन निश्चित ही किसी प्रसिद्ध अनुभवी विज्ञापन एजेंसी ने बनाया है। 

बड़े पृथ्वी दिवस पर छोटी सी खबर भी पढ़ी। रामकुंड क्षेत्र के सामुदायिक मैदान में खुले में फेंका जा रहा कूड़ा, जिसके कारण मोहल्ले में गंदगी का आलम है। विज्ञापन बड़ा होता है, खबर छोटी। मोहल्ला छोटा होता है और पृथ्वी बड़ी। एक और गीली खबर पढ़ी, रोजाना हो रहे पीने के पानी के रिसाव को नहीं रोक पाया जल शक्ति विभाग। भाषण, निबंध, नारा लेखन, चित्रकला, पोस्टर मेकिंग, स्टोन पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। नदियों की सफाई, जल संरक्षण, वनों की सुरक्षा, जैव विविधता जागरुकता, प्लास्टिक उपयोग कम करने की शपथ, हाथ उठाकर, ज़ोर से बोलकर ली गई। परम्परानुसार मां पृथ्वी के बारे ज़ोरदार, शोरदार, रोबदार बातें हुई। 

पृथ्वी बचाओ, जीवन बचाओ के नारे भी तो लगाए। इस तरह हर साल की तरह, इस साल भी पृथ्वी दिवस धूमधाम से मनाया गया।

- संतोष उत्सुक 

प्रमुख खबरें

V-Neck से लेकर Off-Shoulder तक, गरबा ड्रेसेस की नेकलाइन के अनुसार अपनाएं ये Hairstyle

Flydubai विमान में घायल कैप्टन Smit Machhar की डेंटिस्ट ने बचाई जान

GE Aerospace ने HAL को सौंपे 4 नए F404 इंजन, Tejas Mk1A फ्लीट को मिलेगी मजबूती

6 October, 2026 Stock Market Updates: Titan के शेयर 3% टूटे, Sensex और Nifty में गिरावट के साथ खुला शेयर बाजार