सिनेमा जगत की हस्तियों ने चंद्रयान-3 की सफलता के लिए इसरो को बधाई दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 23, 2023

शाहरुख खान, अल्लू अर्जुन, एस.एस. राजमौली और करीना कपूर खान समेत सिनेमा जगत की हस्तियों ने चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने की ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बुधवार को भारतीय अंतरिक्ष एवं अनुसंधान संगठन (इसरो) को बधाई दी। भारत का चंद्रमा मिशन चंद्रयान-3 बुधवार शाम 6 बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरा। इसके साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश बन गया। शाहरुख खान ने साल 1997 में आई अपनी फिल्म “यस बॉस” के लोकप्रिय गीत “चांद तारे तोड़ लाऊं” का जिक्र करते हुए कहा कि आज भारत और इसरो का दिन है। खान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर)पर लिखा, “चांद तारे तोड़ लाऊं...सारी दुनिया पर मैं छाऊं। आज भारत और इसरो छा गए। सभी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों...पूरी टीम को बधाई जिन्होंने भारत को इतना गौरवान्वित किया है।

चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग कर ली है।” “पुष्पा” फिल्म के अभिनेता अल्लू अर्जुन ने ‘एक्स’ पर लिखा कि यह अंतरिक्ष अनुसंधान के मामले में भारत के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने लिखा, “चंद्रयान 3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव को छू लिया है, जिसके साथ ही भारत यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाला पहला देश बन गया है! जयहिंद।” निर्देशक एस.एस राजमौली ने ‘एक्स’ पर लिखा, “यस, यस, यस। भारत चांद पर।” अभिनेत्री करीना कपूर खान ने कहा कि वह भारतीय होने पर गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। खान ने हाल ही में कहा था कि वह अपने बच्चों के साथ, चंद्रयान-3 को चंद्रमा की सतह पर उतरते हुए देखेंगी। उन्होंने ‘इंस्टाग्राम’ पर इसरो की पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “क्या अद्भुत व शानदार लैंडिंग!” अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि करोड़ों लोग इसरो का आभार व्यक्त कर रहे हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “आपने हमें बहुत गौरवान्वित किया है। भारत को इतिहास बनाते हुए देखना सौभाग्य की बात है। भारत चांद पर है, हम चांद के ऊपर हैं।” साल 2001 में आई अपनी फिल्म ‘गदर’ के लोकप्रिय संवाद की याद दिलाते हुए अभिनेता-सांसद सनी देओल ने कहा, ‘‘कितना गर्व का क्षण है। हिंदुस्तान जिंदाबाद था और रहेगा।’’ अभिनेत्री काजोल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अतुल्य खुशी और गर्व महसूस हो रहा है।’’ अभिनेता ऋतिक रोशन, मनोज बाजपेयी, चिरंजीवी, जूनियर एनटीआर, अजय देवगन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, विजय वर्मा, गीतकार व सीबीएफसी के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए वैज्ञानिकों को बधाई दी। इसके अलावा, अभिनेता प्रभास, अनिल कपूर, कार्तिक आर्यन, सुनील शेट्टी और अभिनेत्री रवीना टंडन ने भी बधाई दी।

प्रमुख खबरें

AI Summit Protest के सूत्रधार Rahul Gandhi? BJP का बड़ा हमला, बताया देश का गद्दार

Sanju Samson ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनकर बनाया ये रिकॉर्ड, अब तक नहीं कर पाया कोई

Nepal की नई सरकार में India से रिश्ते और होंगे मजबूत, निवर्तमान मंत्री माधव चौलागैन का बड़ा बयान

LPG आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मोदी सरकार ने उठाया बड़ा कदम, देशभर में Essential Commodities Act 1955 लागू