By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 15, 2026
केंद्रीय मंत्रियों ने शनिवार को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, साथ ही एक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों से देश के विकास की गति को तेज करने का संकल्प लेने का आग्रह किया। शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
उनके संघर्ष ने हमें केवल राजनीतिक स्वतंत्रता ही नहीं, बल्कि अपने राष्ट्र के भविष्य को स्वयं गढ़ने का अधिकार और दायित्व भी दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह अवसर 140 करोड़ भारतवासियों के सामूहिक संकल्प का भी है, जिसके माध्यम से हम एक ऐसे सुरक्षित, सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण करें, जो अपनी गौरवशाली विरासत पर गर्व करते हुए आधुनिकता, प्रगति और नवाचार की नई ऊँचाइयों को स्पर्श करे। जयहिंद!’’ सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ‘‘नए भारत’’ के निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए प्रयासों का आह्वान किया। गडकरी ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
आइए, हम सब मिलकर नए भारत को समृद्ध बनाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में योगदान दें।’’ वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लोगों से ‘‘स्वदेशी’’ को बढ़ावा देने और देश की प्रगति में योगदान देने का आग्रह किया। गोयल ने कहा, ‘‘भारत के सभी परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आजादी के इस अमृत काल में, आइए हम सब तिरंगे के सम्मान, गौरव और गरिमा को सर्वोपरि रखते हुए स्वदेशी को अपनाने और भारत की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लें।’’ स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नड्डा ने कहा, ‘‘सभी देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। आजादी के पावन दिवस पर मैं उन महान विभूतियों, क्रांतिकारियों और स्वाधीनता सेनानियों को कोटिश: नमन करता हूं, जिन्होंने मां भारती की रक्षा और सेवा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आइये, हम सभी मिलकर देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और ‘विकसित व आत्मनिर्भर भारत’ निर्माण का संकल्प दोहराएं।’’ कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए ‘‘देश के लिए जीने’’ का आह्वान किया। चौहान ने कहा, ‘‘इस पावन अवसर पर मैं उन सभी क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के चरणों में नमन करता हूं जिन्होंने मां भारती के पैरों से परतंत्रता की जंजीरें काटी थीं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज मैं आप सभी से अपील करना चाहता हूं कि आज देश के लिए जीने की जरूरत है।
देश के लिए जीने का अर्थ है कि हम जहां भी हैं, अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पालन करें। अपने काम को देश के लिए, देश का काम मानकर लगातार देश और जनता की सेवा करते रहें।