महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए Nayi Chetna अभियान 25 नवंबर से होगा शुरू

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

केंद्र सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, संपत्तियों तक उनकी पहुंच, सुरक्षित आवागमन और समान अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपने राष्ट्रीय लैंगिक समानता अभियान ‘नयी चेतना, पहल बदलाव की’ का पांचवां संस्करण 25 नवंबर को शुरू करेगी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) के तहत ग्रामीण विकास मंत्रालय के नेतृत्व में चलने वाला एक महीने का यह अभियान देशभर में 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान की मौजूदगी में इस अभियान का उद्घाटन करेंगे। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि पांचवें संस्करण की विषयवस्तु ‘पहुंच से अधिकार तक : विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण’ है। इसका उद्देश्य जागरूकता फैलाने से आगे बढ़कर महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, आत्मनिर्भरता और निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने के लिए समन्वित प्रयास करना है।

इस अभियान में महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में पहचान दिलाने, संपत्तियों तक उनकी पहुंच और उन पर नियंत्रण मजबूत करने, सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देने तथा बिना वेतन वाले देखभाल संबंधी कार्यों का अधिक समान बंटवारा सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। इसके तहत आजीविका के अवसरों, बाजारों, वित्तीय सेवाओं, सार्वजनिक स्थानों और जरूरी सेवाओं तक महिलाओं की पहुंच में आने वाली बाधाओं को दूर करने का भी प्रयास किया जाएगा। अभियान के उद्घाटन के अवसर पर 15 मंत्रालयों और विभागों से जुड़ी एक संयुक्त अंतर-मंत्रालयी परामर्शिका जारी की जाएगी।

इसका उद्देश्य अभियान के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए समन्वित प्रयासों को बढ़ावा देना है। इस परामर्शिका में राष्ट्रीय, राज्य, जिला और सामुदायिक स्तर पर महिलाओं की आजीविका, संपत्तियों, वित्तीय सेवाओं, सुरक्षित आवागमन और सहायता प्रणालियों तक पहुंच बेहतर बनाने के लिए सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और संस्थागत व्यवस्थाओं के बीच तालमेल का ढांचा दिया जाएगा। ग्रामीण विकास और महिला एवं बाल विकास मंत्रालयों, न्याय विभाग तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के बीच चार पक्षीय समझौता ज्ञापन भी जारी किया जाएगा।

इस समझौते का उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर लैंगिक हिंसा की रोकथाम और उससे निपटने के लिए संस्थागत समन्वय मजबूत करना है। इसमें कानूनी अधिकारों, न्याय तक पहुंच और सहायता व्यवस्थाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना भी शामिल है।

प्रमुख खबरें

त्योहारों में Auto Sales का नया रिकॉर्ड, कुल 55.25 लाख गाड़ियों की हुई खुदरा बिक्री

रणबीर, विक्की और आलिया की Love and War के ट्रेलर से पहले आएगा खास गाना, इस सिंगर की आवाज बांधेगी शमा

Bihar विधान परिषद में शपथ ग्रहण के बाद Tejashwi ने BJP में गए दो MLCs पर उठाए सवाल

Haryana में Orbital Rail Corridor सुरंग डेढ़ महीने में छठी बार धंसी, जांच शुरू