रोहित के लिये चुनौती फिट रहने और अब से विश्व कप तक हर टूर्नामेंट में खेलने की : अगरकर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 05, 2022

नयी दिल्ली| पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर का मानना है कि भारत के सफेद गेंद के नये कप्तान रोहित शर्मा के लिये सबसे बड़ी चुनौती अगले 24 महीनों में होने वाले टी20 और वनडे विश्व कप तक फिट बने रहने की है।

अगरकर ने ‘स्टार स्पोर्ट्स’ से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह अच्छी चीज है कि सफेद गेंद के प्रारूप के लिये एक कप्तान हो और अब रोहित के पास यह जिम्मेदारी है। ’’ टी20 विश्व कप इस साल के अंत में आस्ट्रेलिया में आयोजित किया जायेगा जबकि वनडे अगले साल होगा।

अगरकर को लगता है कि कप्तान को टीम के साथ मौजूद रहना चाहिए और उनका मानना है कि यही चीज पूर्व कप्तान कोहली और एमएस धोनी के लिये भी कारगर रही थी। अगरकर ने कहा, ‘‘इसलिये रोहित शर्मा के लिये चुनौती - मेरी राय में - फिट बने रहने और अब से सफेद गेंद के क्रिकेट में विश्व कप तक हर टूर्नामेंट में खेलने की है क्योंकि आप टीम के साथ कप्तान चाहते हो - यह विराट कोहली की मजबूती थी और उनसे पहले एमएस धोनी की भी, वे शायद ही कभी मैच से बाहर होते थे और दोनों ही फिट रहते थे। ’’ रोहित हैमस्ट्रिंग चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला नहीं खेले थे।

उन्हें फिर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे से भी बाहर होने के लिये बाध्य होना पड़ा था क्योंकि वह चयन समिति के टीम की घोषणा से पहले पूर्ण फिटनेस हासिल नहीं कर सके थे। हैमस्ट्रिंग की समस्या बार बार उभरती रहती है जिसके कारण उन्हें 2020-21 में आस्ट्रेलिया दौरे पर पहले दो टेस्ट मैच और सफेद गेंद के चरण में भी बाहर बैठना पड़ा था।

हालांकि अब रोहित वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला में टीम की कप्तानी करेंगे जो छह फरवरी से अहमदाबाद में वनडे के साथ शुरू हो रही है।

प्रमुख खबरें

DRI ने देश भर में कार्रवाई कर 845 किलोग्राम Drugs पकड़ी, 15 तस्कर अरेस्ट

CID पूछताछ के दौरान TMC MLA परेश राम दास की तबीयत बिगड़ी, SSKM अस्पताल में भर्ती

Islamic State साजिश मामले में NIA अदालत ने हुजैर फरहान बेग को सुनाई 6 साल की सजा

विदेशी Unicorns में भारतीय संस्थापकों का मूल्य 560 अरब डॉलर पहुंचा: Prosus सूचकांक