Chamoli Helicopter Crash: बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, 6 की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026

उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से लौट रहा एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार कर्नाटक के पांच श्रद्धालुओं समेत सभी छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसकी जांच के आदेश दिए हैं।

प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि ज्योतिर्मठ में तैनात सेना की सिग्नल टीम ने क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठते और उसे नीचे की ओर आते देखा। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही चमोली जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की संयुक्त टीम को तलाशी एवं बचाव अभियान के लिए रवाना किया। इसके अलावा, जिला मुख्यालय गोपेश्वर से ड्रोन टीम को भी तलाशी अभियान में लगाया गया।

चमोली जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, तलाश अभियान के दौरान हेलीकॉप्टर का मलबा मिला और उसके आसपास सभी छह लोगों के शव बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि अंधेरा होने और रास्ता दुर्गम होने के कारण शवों को दुर्घटनास्थल से शनिवार को वापस लाया जाएगा। मृतकों की पहचान दिल्ली निवासी पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48) और बेंगलुरु निवासी प्रताप (41), अरुण सालुंके (44), वी. बी. शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) तथा एच. एस. नटराजा (51) के रूप में हुई है।

इस बीच, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत कंपनी के सभी हेलीकॉप्टर की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। आसमान में बादल छाए होने के बीच हुए इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार उन्होंने बताया कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) और वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) की टीम देहरादून पहुंच रही हैं। इसके बाद दुर्घटना की विस्तृत जांच की जाएगी।

जैन ने कहा कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे की वजह कोई तकनीकी खराबी थी, पायलट की चूक थी या खराब मौसम का इससे कोई संबंध था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने चमोली जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और राहत एवं बचाव से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने के भी आदेश दिए हैं।

प्रमुख खबरें

Reliance Industries का दूसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट बढ़कर 29,550 करोड़ रुपये पहुंचा

Commonwealth Games 2030: राहुल द्रविड़ और Saina Nehwal आयोजन समिति में शामिल

Elon Musk ने Republican पार्टी के समर्थन में की अपील, चुनाव में खर्च किए 442 Million Dollar

झारखंड के 19 लाख किसानों को PM Kisan योजना से मिले 300 करोड़ रुपये