आंध्र प्रदेश: CM Chandrababu Naidu ने स्वास्थ्य और कृषि में AI तकनीक अपनाने के निर्देश दिए

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को अधिकारियों को बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए स्वास्थ्य सेवा से लेकर कृषि तक विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम मेधा (एआई) प्रौद्योगिकी का उपयोग करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सरकारी सेवाओं को सुगम बनाने, विभागों के कामकाज में सुधार लाने और सरकारी राजस्व बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक और एआई प्रणाली का प्रभावी उपयोग करने का आह्वान किया। सरकारी बयान के अनुसार, नायडू ने कहा, बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए स्वास्थ्य सेवा से लेकर कृषि तक विभिन्न क्षेत्रों में एआई प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करें।

‘रियल टाइम गवर्नेंस सिस्टम’ यानी वास्तविक समय पर संचालन (आरटीजीएस) की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सरकारी विभागों की नागरिक सेवाओं को अधिक तेजी और कुशलता से उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के कौशल और क्षमताओं को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बतायी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवाओं के प्रति जनता की सकारात्मक धारणा बेहतर शासन के लिए अधिक अवसर पैदा करेगी।

उन्होंने जन शिकायत निवारण प्रणाली (पीजीआरएस) के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नायडू ने वरिष्ठ अधिकारियों से जन शिकायतों के निस्तारण की निगरानी में मौजूद कमियों को दूर करने और प्रत्येक विभाग को अपने कामकाज की लगातार समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि आंकड़ों पर आधारित निर्णय लेने की व्यवस्था भविष्य में शासन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में हुए स्थानीय निकाय चुनाव सरकार के प्रदर्शन का एक संकेतक हैं। उन्होंने सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने तथा लोगों को बेहतर एवं अधिक प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया।

प्रमुख खबरें

Amit Shah के अरुणाचल दौरे पर होर्डिंग गिराने वाले Youth Congress नेता तार जॉनी को मिली जमानत

Jannik Sinner की होगी घुटने की सर्जरी, Australian Open से बाहर होने की आशंका

चोटों के कारण गंवाए 10 से 15 Test मैच, KL Rahul ने समझाई तीनों फॉर्मेट की चुनौती

NIA पूछताछ के बाद Sabina Yasmin का आरोप, राजनीतिक बदले की भावना से बनाया जा रहा निशाना