By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 18, 2026
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को अधिकारियों को तीन अगस्त से लापता आठ मछुआरों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान तेज करने के निर्देश दिए। तलाश अभियान भारतीय तटरक्षक बल, राज्य मत्स्य विभाग और बी. आर. आंबेडकर कोनसीमा जिला प्रशासन के समन्वय से चलाया जा रहा है। बी. आर. आंबेडकर कोनसीमा जिले के ओडलारेवु, डुम्मलापेटा और वासलाथिप्पा गांवों के आठ मछुआरे तीन अगस्त को सुबह करीब 10 बजे ‘ओडलारेवु फिश लैंडिंग सेंटर’ के पास जेटी से समुद्र में मछली पकड़ने के लिए निकले थे।
उन्होंने कहा कि जब तक लापता नाव और मछुआरों का पता नहीं चल जाता, तब तक तटरक्षक बल, मत्स्य विभाग और जिला प्रशासन को आपसी समन्वय से तलाश अभियान जारी रखना चाहिए। नायडू ने एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “तीन अगस्त को ओडलारेवु जेटी से मछली पकड़ने वाली नाव के रवाना होने के बाद से लापता आठ मछुआरों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान तेज किया जाना चाहिए और उन्हें सुरक्षित ढूंढने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाने चाहिए।” नाव में अति उच्च आवृत्ति वाला रेडियो यंत्र लगा हुआ है और मछुआरों के पास मोबाइल फोन भी हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि नाव उसी दिन शाम करीब छह बजे मछली पकड़ने वाले क्षेत्र में पहुंची होगी।
तटरक्षक बल के कमांडेंट ने आसपास गश्त कर रहे जहाजों को सतर्क कर दिया है और तलाश अभियान जारी है। जानकारी जुटाने में मदद के लिए काकीनाडा, भैरवपालम, विशाखापत्तनम और पारादीप से समुद्र में मछली पकड़ने वाली नावों को भी सतर्क किया गया है। नायडू ने अधिकारियों को लापता मछुआरों के परिवारों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और तलाश अभियान की नियमित जानकारी देने के निर्देश दिए।
उन्होंने परिवारों को सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया।