Cyclone Arnab: चंद्रबाबू नायडू ने अमित शाह को लिखा पत्र, नुकसान के आकलन के लिए मांगा केंद्रीय दल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की सहायता जारी रखने तथा चक्रवात ‘अर्नब’ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए एक केंद्रीय दल भेजने का अनुरोध किया। केंद्रीय गृह मंत्री को लिखे पत्र में नायडू ने केंद्र की ओर से मिल रही सहायता के लिए आभार जताया और आने वाले दिनों में बारिश तथा बाढ़ की स्थिति पर करीबी नजर रखने का आश्वासन दिया। नायडू ने पत्र में लिखा, ‘‘आने वाले दिनों में जरूरत के अनुसार एनडीआरएफ और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की सहायता जारी रखी जाए।

बहाली दल काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण 70,900 हेक्टेयर में लगी फसलें जलमग्न हो गईं। इनमें मुख्य रूप से धान की फसल शामिल है। इसके अलावा 10,450 हेक्टेयर में बागवानी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

नायडू के अनुसार, चक्रवात का असर मुख्य रूप से गोदावरी डेल्टा के तटीय क्षेत्र में स्थित कोनसीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी और पश्चिमी गोदावरी जिलों के अलावा कृष्णा और अनकापल्ली जिलों में केंद्रित है। विशाखापत्तनम शहर के चार वार्डों में जलभराव हुआ। इसके बाद अग्निशमन सेवाओं को 220 से अधिक आपातकालीन फोन कॉल प्राप्त हुए।

इनमें ज्यादातर पेड़ों को हटाने और बचाव कार्यों से संबंधित थीं। नायडू ने कहा, हमारी तत्काल प्राथमिकता बिजली और पेयजल आपूर्ति बहाल करना, सड़कों से मलबा हटाना, प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना और विस्थापित परिवारों की सहायता करना है। उन्होंने जोर दिया कि बारिश और तूफान का खतरा कम होने तक आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तैनात रहेंगे।

प्रमुख खबरें

केंद्रीय कर्मचारियों का DA 3 फीसदी बढ़ा, ओडिशा में चक्रवात Arnab से अलर्ट

अचानक ही ईरान पर पुतिन ने कर दिया बड़ा ऐलान, टेंशन में ट्रंप!

Jaipur Literature Festival के 20वें संस्करण में पॉल नर्स और कैरोलिन एल्किन्स लेंगी हिस्सा

EPFO की नई WhatsApp सेवा शुरू, जानें कैसे काम करता है यह सिस्टम?