मेरठ दलित छात्रा हत्याकांड: टोल प्लाजा पर पीड़ित परिवार से मिले सांसद चंद्रशेखर आजाद

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 11, 2026

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में अनुसूचित जाति की एक छात्रा की हत्या के मामले में नया मोड़ आया है। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद को शुक्रवार को पीड़ित परिवार के गांव जाने से पहले पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा पर रोक दिया। इसके बाद काफी देर तक वहां तनाव और गहमागहमी की स्थिति बनी रही।

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने पिछले दिनों विरोध प्रदर्शन कर रहे दलित समाज के लोगों पर की गई पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया। सांसद ने कहा कि किसी भी स्थिति में जनता पर बल प्रयोग करना बिल्कुल भी उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया।

सांसद ने घोषणा की कि जब संसद का सत्र शुरू होगा, तो वह इस मामले को सदन में उठाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और इस प्रकरण में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों की रिहाई की मांग को लेकर आंदोलन करने की बात भी कही।

चंद्रशेखर आजाद ने पत्रकारों से बातचीत में बिना नाम लिए बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ जमीन पर खड़ा होना भी जरूरी है। गौरतलब है कि इससे पहले मायावती ने भी बिना किसी का नाम लिए आरोप लगाया था कि कुछ राजनीतिक दल और संगठन अपने राजनीतिक हितों के लिए दलित समाज की भावनाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।

सांसद चंद्रशेखर आजाद के आगमन को देखते हुए सिवाया टोल प्लाजा पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कई मार्गों पर यातायात नियंत्रित किया और बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की। मौके पर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। आजाद समाज पार्टी के समर्थकों की भारी भीड़ होने के कारण क्षेत्र में कई घंटों तक तनाव की स्थिति बनी रही।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने Supreme Court को बताया, 10 अक्टूबर को कानून-व्यवस्था टूटने से बचाई

Imran Khan को देश छोड़ने के नोटिस पर भड़का विपक्ष, केंद्र सरकार के रवैये को बताया तानाशाही

UP Politics में Divya Mittal की एंट्री, Jan Neeti Bharat Party बना कर जनता से किये 3 बड़े वादे, क्या बदलेंगे समीकरण?

Karisma Kapoor की छोटी ड्रेस देख भड़क गए थे सलमान? Koffee With Karan 9 में एक्ट्रेस ने सुनाया पुराना किस्सा