Chhatarpur में Cyber Fraud गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 28 लाख की ठगी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 25, 2026

मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में टेलीग्राम ऐप पर रेटिंग बढ़ाने का काम दिलाने और पैसा दोगुना करने का झांसा देकर कथित तौर पर 28 लाख रुपये की साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक खजुराहो थाना पुलिस की टीम ने आरोपियों के कब्जे से कुछ एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और 38 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम उर्फ शिवम पटेल, नीरज पटेल, कैलाश उर्फ केवल रजक और हीरालाल उर्फ संदीप रजक के रूप में हुई है और सभी नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर विज्ञापनों के माध्यम से लोगों से बैंक खाते किराये पर लेते थे और इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम जमा कर उसे तत्काल दूसरे खातों में हस्तांतरित कर लेते थे। पुलिस ने बताया कि जांच में इस रकम को आगे क्रिप्टोकरेंसी में बदलने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस ने बताया कि अब तक संदिग्ध बैंक खातों में साइबर अपराधों से संबंधित करीब 80 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला है। पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु, दिल्ली, बिहार और झारखंड समेत विभिन्न राज्यों में इन लेन-देन से जुड़ी करीब 50 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। जांच में आरोपियों के नेटवर्क के पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और महाराष्ट्र से जुड़े होने के भी संकेत मिले हैं।

पुलिस ने आरोपियों से जुड़े बैंक खातों में डेढ़ लाख रुपये की राशि ‘फ्रीज’ कराई है और आरोपियों के कब्जे से कई एटीएम कार्ड, बैंक खाते खोलने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन और 38 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक सकलेचा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

प्रमुख खबरें

Karnataka ने Amazon और Swiggy Instamart के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए, धतूरा बेचने पर रोक

Colombo Test Match India vs Sri Lanka | कोलंबो में भारत का दबदबा जारी, दूसरे दिन श्रीलंका को बैकफुट पर धकेला

25 August History: Shane Warne के 400 टेस्ट विकेट और भारत की विश्व कप जीत

Chhatrapati Sambhajinagar हादसा: रिश्तेदार ने Mobile फोन विवाद को बताया अफवाह