By अंकित सिंह | May 07, 2025
वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ एक बड़े अभियान में, बीजापुर जिले में केरेगुट्टा पहाड़ियों के पास चल रही मुठभेड़ में 15 से अधिक नक्सली मारे गए हैं। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर 'मिशन संकल्प' के तहत अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने भारी दबाव बनाए रखा है और मुठभेड़ अभी भी जारी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीजापुर जिले में मुठभेड़ अभी भी जारी है।
अधिकारियों ने मुठभेड़ स्थल पर मिले निशानों का हवाला देते हुए कहा कि इस बात की प्रबल संभावना है कि इस अभियान में कई अन्य नक्सली मारे गए या घायल हुए हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार, अब तक चल रहे अभियान में कुल चार नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं - 24 अप्रैल को तीन और 5 मई को एक। हाल के हफ्तों में नक्सल विरोधी अभियान में काफी तेजी देखी गई है। 28 अप्रैल को 24 नक्सलियों ने बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें से 14 पर 28.50 लाख रुपये का इनाम था।