राज्यपाल का पत्र मिलने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बुलाई मंत्रिमंडल की बैठक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 15, 2020

भोपाल। मध्यप्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन द्वारा मुख्यमंत्री कमलनाथ को सोमवार को विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के तत्काल बाद विश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने के निर्देश दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने रविवार को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक सुबह 11 बजे होने की संभावना है। ऐसी संभावना है कि इसमें राज्यपाल द्वारा शनिवार देर रात को मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र पर विचार किया जायेगा।

इसे भी पढ़ें: मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक जयपुर से भोपाल जाने के लिये जयपुर हवाई अड्डा पहुंचे

इस पत्र में राज्यपाल लालजी टंडन ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को सोमवार को राज्यपाल के अभिभाषण के तत्काल बाद विश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। पत्र में टंडन ने निर्देश दिए, मध्यप्रदेश विधानसभा का सत्र 16 मार्च 2020 को प्रातः 11 बजे प्रारंभ होगा और राज्यपाल के अभिभाषण के तत्काल बाद एकमात्र कार्य विश्वास प्रस्ताव पर मतदान होगा। इसके अलावा, राज्यपाल ने निर्देश दिए, विश्वासमत मतविभाजन के आधार पर बटन दबाकर ही होगा और अन्य किसी तरीके से नहीं किया जाएगा। राज्यपाल ने कहा है कि विश्वासमत की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी विधानसभा स्वतंत्र व्यक्तियों से कराएगी।

इसे भी पढ़ें: सिंधिया समर्थक विधायकों ने राज्यपाल को लिखा पत्र, भोपाल लौटने पर सुरक्षा की मांग की

राज्यपाल ने कहा कि उपरोक्त संपूर्ण कार्यवाही हर हाल में 16 मार्च 2020 को प्रारम्भ होगी और यह स्थगित, विलंबित या निलंबित नहीं की जाएगी। इसके साथ ही कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार शाम को यहां रखी गई है। इस बीच अपने विधायकों को एकजुट रखने की कवायद में जयपुर में रखे गए कांग्रेस के विधायकों को विशेष विमान से भोपाल लाया जा रहा है। खबरों के अनुसार इन विधायकों को भोपाल आने के बाद भी होटल में एक साथ रखा जाएगा। इसके साथ ही भाजपा ने विधायकों को मानेसर गुरुग्राम के एक होटल में ठहराया हुआ है, वहीं सिंधिया खेमे के इस्तीफा दे चुके कांग्रेस के 22 बागी विधायकों में से भी अधिकांश बेंगलुरु में ठहरे हुए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने इन 22 विधायकों में से छह के त्यागपत्र शनिवार देर शाम को मंजूर कर लिए गए थे, जबकि 16 विधायकों के त्यागपत्र पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया है।

प्रमुख खबरें

AIMIM और आजाद समाज पार्टी ने बनाया मोर्चा, Chandrashekhar Azad होंगे CM उम्मीदवार

DU Executive Council ने विरोध के बीच पास की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, HEFA कर्ज पर उठे सवाल

PM Narendra Modi बोले आजादी के बाद पहली बार Agriculture Growth चार फीसदी पार पहुंची

अरुणाचल में Nyishi समुदाय ने वापस ली आर्थिक नाकेबंदी, सरकार ने दिया कार्रवाई का भरोसा