अंतिम सफर पर निकले मुलायम सिंह यादव, कई राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल

By रितिका कमठान | Oct 11, 2022

सपा संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का आज उनके पैतृक गांव सैफई में अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार से पहले वो अपने अंतिम सफर पर निकल चुके है। बीते कई दिनों से मुलायम सिंह बीमार थे, जिसके बाद उनका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने सोमवार 10 अक्टूबर को अंतिम सांस ली थी। उनके निधन के बाद उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक उनका अंतिम संस्कार दोपहर तीन बजे किया जाएगा। मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार सैफई महोत्सव के मैदान में बजरंग बली की मूर्ति के पास होगा। इस अंत्येष्टि कार्यक्रम में देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत कई नेता भी शामिल होंगे। इसमें राज्य के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र बघेल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव , एनसीपी प्रमुख शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले के आने की संभावना है। माना जा रहा है कि भारत जोड़ो यात्रा कर रहे राहुल गांधी भी यात्रा छोड़कर अंतिम संस्कार में अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ शामिल होंगे। उनके साथ लोकसभा सदस्य दुलाल चंद्र गोस्वामी और केसी त्यागी मौजूद होंगे। समाजवादी विचारधारा के कई और नेता भी मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं। 

बता दें कि मुलायम सिंह यादव 10 बार विधायक और 7 बार सांसद रहे हैं। उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा देश के रक्षा मंत्री भी रहे हैं। नेताजी के नाम से पहचाने जाने वाले मुलायम सिंह के निधन के बाद से ही सैफई में ‘नेताजी अमर रहे’ के नारे गूंज रहे है। 

पिता को देख रो पड़े अखिलेश

पिता के शव को देख कर अखिलेश यादव भी अपनी भावनाओं को काबू में नहीं रख सके। मुलायम का शव जब एंबुलेंस से सैफई लाया गया तब उनके साथ मुलायम के भाई और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी दिखाई दिए। इस दौरान शिवपाल यादव अखिलेश के कंधे पर हाथ रखकर ढांढस बंधाते दिखे। हालांकि अखिलेश भावनाओं पर काबू ना पा सके और फफक कर रो पड़े।

सैफई में हुआ था जन्म अब वहीं निकल रही अंतिम यात्रा

उत्तर प्रदेश के इटावा स्थित सैफई में 22 नवंबर 1939 को जन्मे यादव का कुनबा देश के सबसे प्रमुख राजनीतिक खानदानों में गिना जाता है। वह वर्ष 1989, 1991, 1993 और 2003 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और 1996 से 98 तक देश के रक्षा मंत्री भी रहे। समाजवादी पार्टी को शिखर पर पहुंचाने के बाद वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में सपा को पूर्ण बहुमत मिलने पर यादव ने अपनी गद्दी अपने बेटे अखिलेश यादव को सौंप दी। अब मुलायम सिंह यादव की अंतिम यात्रा इसी जगह निकाली जा रही है, जहां भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ उन्हें श्रद्धांजलि देने और अंतिम दर्शन करने के लिए उमड़ी है।

प्रमुख खबरें

RBI ने Repo Rate नहीं बदला, पर Iran संकट से Indian Economy पर मंडराया खतरा

Crude Oil Price में बड़ी गिरावट, America-Iran में सुलह के संकेतों से दुनिया को मिली राहत

Mumbai Indians की हार पर भड़के Captain Hardik Pandya, बोले- बल्लेबाज नहीं, गेंदबाज जिम्मेदार

Jasprit Bumrah के खिलाफ Guwahati में आया 15 साल के लड़के का तूफान, एक ही ओवर में मारे 2 छक्के