Chief Of Army Staff General Upendra Dwivedi ने NCC Cadets को Gen Z के सबसे शक्तिशाली प्रतिनिधि बताया

By नीरज कुमार दुबे | Jan 14, 2026

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के संकल्प और संयम का ‘निर्णायक प्रदर्शन’ था और इसने देश की सेना और युवाओं की नैतिक ताकत तथा पेशेवर योग्यता को दर्शाया। उल्लेखनीय है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पिछले साल अप्रैल में हुए भयावह पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में छह-सात मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें कम से कम 100 आतंकवादियों को मार गिराया गया था।

सेना प्रमुख ने आज के आयोजन में पिछले साल मई में हुई निर्णायक सैन्य कार्रवाई में एनसीसी के योगदान को याद किया। सेना प्रमुख ने कहा कि अभियान के दौरान, देश भर में 75,000 से अधिक एनसीसी कैडेट ने नागरिक रक्षा, अस्पताल प्रबंधन, आपदा राहत और सामुदायिक सेवा के कार्यों में अथक स्वयंसेवा की। उन्होंने कहा, ‘‘हाल की घटनाओं ने दिखाया है कि भारतीय युवा कितने सक्षम हैं। आप ‘जेनरेशन जेड’ की सबसे शक्तिशाली और सर्वाधिक आबादी के प्रतिनिधि हैं। हमारे युवा ताकत का भंडार हैं, जिसे अनुशासन, उद्देश्य और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता के साथ इस्तेमाल किया जाना चाहिए।’’ जनरल द्विवेदी ने कहा कि एनसीसी युवाओं के लिए सशस्त्र बलों में शामिल होने का पसंदीदा रास्ता बना हुआ है। उन्होंने कहा कि भविष्य के लिए ‘सभ्यतागत आत्मनिर्भरता’, यानी सोच, प्रौद्योगिकी, नवाचार और चरित्र में आत्मनिर्भरता की जरूरत है।

सेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में सैन्य प्रकोष्ठ के साथ ही प्रौद्योगिकी क्लस्टर और सैन्य इंटर्नशिप कार्यक्रम 2025 और 2026 जैसी पहल इसी भावना को बढ़ावा देने के लिए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम आपको राष्ट्रीय सुरक्षा, नवाचार और विकास पहलों में सक्रियता से भागीदारी के लिए आमंत्रित करते हैं।’’ जनरल द्विवेदी ने अपने भाषण में कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प अकेले सरकार के स्तर पर हासिल नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘‘इसे युवा नेताओं, एनसीसी कैडेट, नवप्रवर्तकों, शिक्षकों, इंजीनियर, चिकित्सकों, सैनिकों और आप जैसे जिम्मेदार नागरिक प्राप्त करेंगे।’’

सेना प्रमुख ने कहा, ‘‘तो, आइए विश्वास के साथ आगे बढ़ें, अनुशासन के साथ मार्च करें, ईमानदारी के साथ नवाचार करें, और भविष्य के नेता बनें जिनकी हमें तलाश है। हम सब मिलकर एक मजबूत, आत्मनिर्भर, एकजुट और विकसित भारत बनाएंगे।’’

प्रमुख खबरें

Lionel Messi को Kerala लाने के प्रयास में हुई अनियमितताओं की जांच कराएगी सरकार

NITES ने Wipro के खिलाफ श्रम मंत्रालय में की शिकायत, 200 से ज्यादा युवाओं की जॉइनिंग में देरी

Max Financial Services का मुनाफा 37% बढ़ा, Q1 में आय 14,977 करोड़ रुपये पर पहुंची

Kiren Rijiju और असम-अरुणाचल सांसदों ने सीमा पर शांति की अपील की, बातचीत से सुलझेंगे विवाद