चीन ने भारतीय सैनिकों पर हमले, गलवान नदी पर बांध बनाने के सवालों को टाला

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 18, 2020

बीजिंग।भारतीय सैनिकों पर 15 जून को लोहे की छड़ों और कंटीली तार लगे डंडों से बर्बर हमला करने संबंधी सवालों को टालने के साथ ही चीन ने बृहस्पतिवार को उन खबरों पर सवालों का जवाब देने से भी इनकार कर दिया कि वह चीन-भारत सीमा पर गलवान नदी के प्रवाह को बाधित करने के लिए एक बांध बना रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान सोमवार रात को गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों के साथ झड़प में चीनी सैनिकों के हताहत होने के बारे में पूछे गए सवाल को लगातार दूसरे दिन टाल गए। झाओ से उन आरोपों के बारे में पूछा गया कि चीनी सैनिकों ने कर्नल संतोष बाबू और अन्य भारतीय सैनिकों पर लोहे की छड़ों तथा कंटीली तार लगे डंडों से बर्बर हमला किया और क्या यह विवाद तब शुरू हुआ जब भारतीय सैनिक वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीन द्वारा बनाए जा रहे ढांचों को ध्वस्त करने पहुंचे थे। झाओ ने इस घटना के लिए भारतीय सेना को जिम्मेदार ठहराने वाले चीन के आरोपों को दोहराया। उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में सही और गलत बहुत स्पष्ट है और इसकी जिम्मेदारी चीनी सेना पर नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि चीन ने मामले की जानकारी मुहैया कराई है। भारत ने गलवान घाटी पर संप्रभुता के चीन के दावे को खारिज करते हुए कहा कि इस तरह के बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए गए दावे छह जून को उच्चस्तरीय सैन्य वार्ता में बनी सहमति के विपरीत हैं। चीन के विदेश मंत्रालय और सेना ने इस सप्ताह दावा किया था कि गलवान घाटी हमेशा से उसका हिस्सा रही है। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के दावे पर जोरदार प्रतिक्रिया देते हुए विदेश मंत्रालय में प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने चीन और भारत की सेनाओं के बीच छह जून को लेफ्टिनेंट जनरल स्तर की वार्ता में ‘‘गतिरोध स्थल से हटने’’ पर हुए समझौते का जिक्र किया। उन्होंने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में एक बयान में कहा, ‘‘बढ़ा-चढ़ाकर किए गए और तर्कहीन दावे करना इस सहमति के विरोधाभासी है।’’ गलवान घाटी क्षेत्र में सोमवार रात दोनों सेनाओं के बीच हिंसक झड़प में एक कर्नल और 19 अन्य भारतीय सैन्यकर्मी शहीद हो गए।

इसे भी पढ़ें: व्हाइट हाउस ने कहा, भारत-चीन सीमा विवाद से अवगत हैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘चीनी सेना सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। वे संयम बरत रहे हैं। वे हमारी राष्ट्रीय संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत से अनुरोध करते हैं कि वह अपने सैनिकों को सीमा पार करने से रोके और दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी सहमति और मौजूदा समझौतों का पालन करे और सीमा इलाके में शांति बनाए रखने के लिए हमारे साथ मिलकर काम करे।’’ उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद दोनों पक्ष मामले पर कूटनीतिक और सैन्य तरीकों से बातचीत कर रहे हैं। झाओ ने कहा, ‘‘वर्तमान में स्थिति स्थिर और नियंत्रण में है। हमारा मानना है कि दोनों देशों के नेताओं के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति के तहत दोनों पक्ष सीमा इलाकों में शांति एवं स्थिरता की संयुक्त रूप से रक्षा करने के प्रासंगिक मामले से निपट सकते हैं और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए काम कर सकते हैं।’’ प्रवक्ता ने ब्रीफिंग में बुधवार को वांग और जयशंकर की टेलीफोन बातचीत पर चीन के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी पूरा प्रेस वक्तव्य पढ़ा। भारत और चीन के सैनिकों के बीच पिछले पांच हफ्तों में पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग त्सो, गलवान घाटी, देमचोक और दौलत बेग ओल्डी समेत पूर्वी लद्दाख के कुछ अन्य इलाकों में टकराव की स्थिति रही है। सोमवार को हुई झड़प, नाथू ला में 1967 में हुई झड़पों के बाद दोनों सेनाओं के बीच अब तक का सबसे बड़ा टकराव था। नाथू ला में हुई झड़पों में भारतीय सेना के 80 सैनिक शहीद हुए थे जबकि चीन के 300 से अधिक सैनिक मारे गए थे। भारतीय सेना अतिक्रमणों पर कड़ा विरोध जाहिर कर रही है और उसने चीन से मांग की है कि इलाके में अमन-चैन बनाकर रखने के लिए तत्काल सैनिकों की वापसी हो।

इसे भी देखें- पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीदों का अंतिम संस्कार । परिजनों ने की बदला लेने की माँग 

प्रमुख खबरें

Delhi High Court का बड़ा फैसला, Vinesh Phogat के Asian Games Trials का रास्ता हुआ साफ।

रॉकेट नहीं, Elon Musk का Starlink बना SpaceX का कमाई इंजन, Financial Report में बड़ा खुलासा

अब Consumer को मिलेगा पूरा Fuel! केंद्र ने Petrol, CNG, Hydrogen पंपों की जांच के लिए जारी किए New Guidelines

Bhopal Dowry Case: नम आंखों से Tvisha Sharma को अंतिम विदाई, पिता बोले- न्याय का इंतजार