चीन ने ऑस्ट्रेलियाई निगरानी विमान पर चीनी युद्धपोत के लेजर दागे जाने से किया इनकार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 22, 2022

बीजिंग|  चीन ने ऑस्ट्रेलिया के इस आरोप को सोमवार को खारिज कर दिया कि एक चीनी युद्धपोत ने एक ऑस्ट्रेलियाई निगरानी विमान पर लेजर दागी थी। चीन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया का यह आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं है।

उन्होंने बताया कि चीनी प्राधिकारियों ने अभी तक उनके सवालों का जवाब नहीं दिया है। इस मामले में सवाल किए जाने पर चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमने प्रासंगिक विभागों से पुष्टि करने के बाद पाया कि ऑस्ट्रेलिया सरकार द्वारा जारी की गई सूचना तथ्यों पर आधारित नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि चीनी पोत समुद्र में अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप काम करते हैं।

वांग ने कहा, ‘‘हम ऑस्ट्रेलियाई पक्ष से अपील करते हैं कि वह संबंधित जलक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार चीनी पोत के वैध अधिकारों का सम्मान करे और चीन के बारे में दुर्भावनापूर्ण रूप से गलत सूचना फैलाना बंद करे।’’

चीनी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता वरिष्ठ कर्नल तान केफेई ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई बयान तथ्यों से बिल्कुल मेल नहीं खाता है। चीनी रक्षा मंत्रालय ने चीनी युद्धपोत द्वारा ली गई दो तस्वीरें भी बयान के साथ जारी की हैं।

उसने साथ ही कहा कि ऑस्ट्रेलिया विमान चीनी युद्धपोत के बहुत निकट थे और उन्होंने उसके चारों ओर ‘सोनर बोया’ तैनात किए। उल्लेखनीय है कि ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग ने आरोप लगाया है कि चीनी नौसेना के एक जहाज ने उसके एक निगरानी विमान पर लेजर दागी, जिससे चालक दल की जान खतरे में पड़ गई। विभाग ने कहा कि यह घटना बृहस्पतिवार को उस समय हुई, जब पी-8ए पोसीडॉन विमान ने ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी रास्ते पर उड़ान के दौरान एक लेजर का पता लगाया।

विभाग ने शनिवार को एक बयान में कहा कि लेजर ‘पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी’ के जहाज से दागी गई। यह एक अन्य चीनी जहाज के साथ था, जो टोरेस जलडमरूमध्य से होकर गुजरा।

विभाग ने कहा, ‘‘हम गैर-पेशेवर और असुरक्षित सैन्य व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं। इन कार्रवाइयों से उसके कर्मियों की सुरक्षा और जीवन को खतरा हो सकता था।

प्रमुख खबरें

Asansol में PM Modi का Mega Road Show, बोले- 4 मई के बाद विकास का नया युग आएगा

Top 10 Breaking News 9 April 2026 | Rahul Gandhi with CAPF Jawans | Manipur Tension | आज की मुख्य सुर्खियाँ यहां विस्तार से पढ़ें

Amarnath Yatra 2026: बाबा बर्फानी के दर्शन का Registration 15 अप्रैल से, जानें क्या हैं नए नियम

Ginny Wedss Sunny 2 Trailer | Avinash Tiwary और Medha Shankr की फ़िल्म में है खूब हंगामा, कॉमेडी और एक उलझी हुई प्रेम कहानी