अंतरिक्ष में खुद का स्पेस स्टेशन बना रहा है चीन, तीन अंतरिक्ष यात्रियों का दल रवाना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 05, 2022

बीजिंग/जिउक्वान। चीन ने पृथ्वी का चक्कर लगा रहे अपने अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा करने के उद्देश्य से तीन अंतरिक्षयात्रियों के दल को छह महीने के मिशन पर रविवार को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में भेजा। अंतरिक्षयात्रियों चेन डोंग, लियू यांग और काई शुझे के साथ शेनझोउ-14 अंतरिक्ष यान को उत्तर पश्चिमी चीन के जिउक्वान उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से प्रक्षेपित किया गया। इसके कुछ ही मिनट बाद पृथ्वी पर स्थित नियंत्रण कक्ष के अधिकारी ने मिशन को सफल घोषित किया और बताया कि अंतरिक्षयान अपनी निर्धारित कक्षा में पहुंच गया है।

इसे भी पढ़ें: जो बाइडेन के घर के ऊपर से गुजरा अनजान विमान, सुरक्षित जगह पहुंचाए गए अमेरिकी राष्ट्रपति

अंतरिक्ष स्टेशन बनाने के लिए दूसरी बार अंतरिक्ष यात्रियों को भेजा गया है। इससे पहले, चीन के तीन अंतरिक्ष यात्री देश के नए अंतरिक्ष स्टेशन पर रिकॉर्ड छह महीने बिताने के बाद अप्रैल में पृथ्वी पर सुरक्षित लौट आए थे। उन्होंने वहां अंतरिक्ष स्टेशन के अहम हिस्सों का निर्माण किया था। स्टेशन के इस साल तक तैयार हो जाने की उम्मीद है। अंतरिक्ष स्टेशन का मुख्य मॉड्यूल अप्रैल 2021 में प्रक्षेपित किया गया था। इसके तैयार हो जाने के बाद चीन एकमात्र ऐसा देश बन जाएगा, जिसका अपना अंतरिक्ष स्टेशन होगा। रूस का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) कई देशों की एक सहयोगी परियोजना है। चीन अंतरिक्ष स्टेशन (सीएसएस) को रूस के आईएसएस का प्रतिद्वंद्वी माना जा रहा है। पर्यवेक्षकों का कहना है कि आगामी वर्षों में आईएसएस के काम करना बंद कर देने के बाद सीएसएस कक्षा में मौजूद एकमात्र अंतरिक्ष स्टेशन बन सकता है।

प्रमुख खबरें

Annapurna Devi ने बेटों में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता के संस्कार विकसित करने पर दिया जोर

T20I में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बने Shreyas Iyer, Abhishek Nayar से मिली थी मदद

Voter List विवाद पर पूर्व जज SN Dhingra का बयान, ECI की SIR प्रक्रिया को बताया जरूरी

BRS नेता KTR का Congress पर तीखा वार, Rahul Gandhi को बताया पाखंडी और नेपो किड