Chinese Football में मचा हड़कंप, Match-Fixing में पूर्व कोच समेत 73 पर लगा लाइफटाइम बैन।

By Ankit Jaiswal | Jan 30, 2026

चीन के फुटबॉल में लंबे समय से चल रही गड़बड़ियों पर आखिरकार बड़ा एक्शन देखने को मिला है। बता दें कि चीनी फुटबॉल संघ ने गुरुवार को मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कड़ा फैसला लेते हुए 73 लोगों पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है, जिनमें पूर्व राष्ट्रीय टीम कोच ली टिए भी शामिल हैं। इसके साथ ही 13 पेशेवर फुटबॉल क्लबों पर आर्थिक दंड भी लगाया गया है।

मौजूद जानकारी के अनुसार, संघ ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि हालिया मैच फिक्सिंग की घटनाएं किस समय की हैं या किन मुकाबलों से जुड़ी हैं। हालांकि, संघ का कहना है कि जांच में सामने आए सबूत इतने गंभीर थे कि कठोर दंड आवश्यक हो गया।

बता दें कि ली टिए, जो इंग्लिश क्लब एवर्टन के लिए भी खेल चुके हैं और 2019 से 2021 तक चीन की राष्ट्रीय टीम के कोच रहे थे, पहले से ही रिश्वतखोरी के मामले में 20 साल की सजा काट रहे हैं। उन्हें दिसंबर 2024 में दोषी ठहराया गया था। वहीं, पूर्व चीनी फुटबॉल संघ अध्यक्ष चेन शूयुआन को भी करीब 1.1 करोड़ डॉलर की रिश्वत लेने के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है।

क्लब स्तर पर भी इस फैसले का बड़ा असर पड़ा है। 2025 चीनी सुपर लीग की 16 में से 11 टीमें अगले सीजन में अंक कटौती और जुर्माने का सामना करेंगी। मौजूद जानकारी के अनुसार, तियानजिन जिनमेन टाइगर और पिछले सीजन की उपविजेता शंघाई शेनहुआ को 2026 सत्र की शुरुआत में 10-10 अंक गंवाने होंगे और 10 लाख युआन का जुर्माना देना होगा। लगातार तीन बार की चैंपियन शंघाई पोर्ट और बीजिंग गुओआन पर पांच-पांच अंक की कटौती के साथ 4 लाख युआन का जुर्माना लगाया गया।

फुटबॉल विशेषज्ञों का मानना है कि इस सख्त कार्रवाई से चीन में पेशेवर फुटबॉल की साख सुधारने की कोशिश की जा रही है। लंबे समय से भ्रष्टाचार के आरोपों से जूझ रहे चीनी फुटबॉल के लिए यह कदम एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि इसका असर आने वाले सीजन में लीग की प्रतिस्पर्धा पर भी साफ दिखेगा।

प्रमुख खबरें

Modi Cabinet ने राशन वितरण प्रणाली में बड़े बदलाव को दी मंजूरी, SARTHAK PDS Scheme के जरिये देशवासियों को मिलेगा मजबूत खाद्य सुरक्षा कवच

T20 World Cup से पहले Team India की अग्निपरीक्षा, England में लय पाने उतरेगी Harmanpreet की सेना

क्या आप भी करते हैं ये गलती? AC गैस स्कैम से बचने का आसान तरीका जानें

FIFA World Cup पर मंडराया Climate Change का संकट, USA-Mexico में बिगड़ते Weather से मैच रुकने का डर