जयशंकर की टिप्पणी पर चीन का बयान, अच्छे संबंध बनाए रखने के लिए साझा प्रयासों की आवश्यकता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 11, 2020

बीजिंग। चीन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि बीजिंग और नयी दिल्ली के बीच अच्छे संबंध बनाए रखने के लिए साझा प्रयासों की जरूरत है तथा उनका देश सीमा गतिरोध दूर करने के लिए कटिबद्ध है, लेकिन वह अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता की रक्षा करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने (भारतीय) विदेश मंत्री एस जयशंकर की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही। जयशंकर ने कहा था कि चीन ने भारत को वास्तविक नियंत्रण रेखा पर बड़ी तादाद में सैन्यबल की तैनाती के लिए ‘पांच भिन्न स्पष्टीकरण’ दिए हैं और द्विपक्षीय समझौतों के उल्लंघन ने आपसी संबंधों को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बुधवार को ऑस्ट्रेलियाई थिंक टैंक लॉवी इंस्टिट्यूट द्वारा आयोजित ऑनलाइन संवाद सत्र में पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के बीच सात महीने से जारी सैन्य गतिरोध के आलोक में यह बात कही थी। हुआ ने यहां चीनी विदेश मंत्रालय की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा, ‘‘ चीन और भारत पड़ोसी हैं तथा दुनिया के दो सबसे बड़े उभरते बाजार हैं, ऐसे में अच्छे संबंध बनाए रखने से दोनों देशों एवं उनके लोगों के बुनियादी हितों की पूर्ति होती है, लेकिन इसके लिए दोनों पक्षों के बीच रास्ते में मिलने के लिए साझा प्रयासों की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ भारत-चीन सीमा पर जो भी कुछ गलत और सही हुआ, वह बहुत स्पष्ट है और जिम्मेदारी पूरी तरह भारत के कंधों पर है। चीन वार्ता के माध्यम से सीमा मुद्दे का समाधान तथा सीमावर्ती क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बरकरार रखने के लिए कटिबद्ध है।’’ उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि इसके साथ ही , ‘‘चीन अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम आशा करते हैं कि भारत इसी दिशा में काम करेगा तथा एकजुटता, सहयोग और साझे विकास के लिए अनुकूल और कदम उठाएगा।’ सीमा पर वर्तमान गतिरोध दूर करने के लिए जरूरी साझे प्रयासों के बारे में विस्तार से बताने को कहे जाने पर हुआ ने दावा किया कि चीन ने भारत के साथ की गयी संधियों का कड़ाई से पालन किया है।’’ 

प्रमुख खबरें

Donald Trump का ऐलान, अमेरिका को तुरंत 3 लाख टन Diesel देगा रूस

MP High Court ने रद्द किया 27 प्रतिशत OBC Reservation, 14 फीसदी कोटा फिर बहाल

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: Abhijeet Deepke ने दिल्ली जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया

MP Deputy CM Jagdish Devda ने OSD को पद से हटाया, शराब ठेके में रिश्वत के आरोपों पर जांच का आदेश