अमेरिकी एजेंसी CIA के गैर-गोपनीय नेटवर्क पर Cyber Attack, खुफिया तंत्र प्रभावित

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए की गैर-गोपनीय सूचना संबंधी एक प्रणाली में साइबर हमले के जरिये सेंध लगाई गई। इस मामले से अवगत एक अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर यह जानकारी दी। अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया कि इस सेंधमारी से कोई गोपनीय सूचना प्रभावित नहीं हुई और समस्या का समाधान कर दिया गया है।

साइबर हमले से सार्वजनिक स्रोतों से प्राप्त खुफिया सूचनाओं से संबंधित प्रणाली प्रभावित हुई। इसके तहत इंटरनेट, वाणिज्यिक उपग्रहों और निजी डेटा ब्रोकर (डेटा उपलब्ध कराने वाली निजी संस्थाओं) समेत विभिन्न स्रोतों से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़े एकत्र किए जाते हैं और उनका विश्लेषण किया जाता है। हालांकि ये सूचनाएं आम तौर पर पूरी तरह या आंशिक रूप से सार्वजनिक होती हैं लेकिन खुफिया विश्लेषकों को इनसे महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

विश्लेषक इनका अलग से या गोपनीय जासूसी कार्यक्रमों से प्राप्त सूचनाओं के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि कौन सी सूचनाएं प्रभावित हुईं या इस सेंधमारी के लिए कौन जिम्मेदार है। इस सेंधमारी की खबर सबसे पहले ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने मंगलवार को दी थी।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल में विभिन्न प्रणालियों में आई गंभीर तकनीकी खामियों के कारण सेवाएं बाधित होने से कई अमेरिकी नागरिक चिंतित हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए जिस आंतरिक नेटवर्क का इस्तेमाल करती है, वह पिछले सप्ताह कुछ समय के लिए ठप हो गया था। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) भी अपने द्वारा संचालित राष्ट्रीय कानून प्रवर्तन डेटाबेस में कथित सेंधमारी की जांच कर रहा है।

इन घटनाओं से पहले हवाई यातायात नियंत्रकों को पायलटों से संपर्क करने में परेशानी हुई थी, जिसके बाद देशभर में विमानों की उड़ान भरने पर रोक लगानी पड़ी थी और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ था। इस महीने एप्पल, जेपी मॉर्गन चेज और माइक्रोसॉफ्ट की प्रणालियां भी ठप हुई थीं। इन घटनाओं ने महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे, बैंकिंग प्रणालियों और उन डिजिटल साधनों की कमजोरियों को उजागर किया है जिनका लाखों लोग रोजाना इस्तेमाल करते हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन का कहना है कि विभिन्न प्रणालियों में आई ये खामियां किसी समन्वित साइबर हमले का हिस्सा नहीं हैं। प्रशासन ने अमेरिकी नागरिकों की चिंताओं को दूर करने के लिए राष्ट्रीय खुफिया निदेशक जे क्लेटन को रविवार सुबह समाचार कार्यक्रमों में भेजा। क्लेटन ने कहा कि हैकरों से एक कदम आगे रहने के लिए प्रणालियों की खामियों को जल्द से जल्द दूर करने और उन्हें उन्नत बनाने की कोशिश की जा रही है और यही उनके ठप होने की मुख्य वजह है।

उन्होंने कहा कि हैकरों के पास अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के ऐसे अत्याधुनिक साधन हैं जिनकी मदद से वे अभूतपूर्व स्तर पर हमले कर सकते हैं।

प्रमुख खबरें

China ने Shenzhou-24 से अंतरिक्ष भेजा पहला विदेशी क्रू, पाक नागरिक भी शामिल

Karthigai Deepam विवाद पर विहिप आक्रामक, तमिलनाडु सरकार पर सुप्रीम कोर्ट की अवहेलना का आरोप

US Tariff Hike: भारत और चीन समेत 16 देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी में अमेरिका

Tripura civic polls के लिए BJP का घोषणापत्र जारी, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार पर जोर