KPSC भर्ती गड़बड़ी मामले में CID ने IAS अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को हिरासत में लिया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 30, 2026

कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम तब सामने आया जब गंगवार को जांच अधिकारी की ओर से जारी नोटिस के बाद शुक्रवार और शनिवार को सीआईडी अधिकारियों के समक्ष पेश होने के बाद उनसे पूछताछ की गई।

सीआईडी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है। इसमें परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड और ओएमआर शीट के रखरखाव तथा इसमें शामिल अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, सीआईडी आगे की जांच के लिए गंगवार को संबंधित अदालत में पेश कर उनकी हिरासत की मांग कर सकती है।

हाल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से केपीएससी में कथित अनियमितताओं के संबंध में छापेमारी किए जाने के बाद अधिकारी के पता-ठिकाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इसके बाद राज्य के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने कहा था कि गंगवार ने उन्हें बताया था कि वह अपने पिता की तबीयत से जुड़ी पारिवारिक आपात स्थिति के कारण उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव गए थे। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने भी इस अधिकारी से जुड़े परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया था।

अधिकारियों के अनुसार, केपीएससी से जुड़ी अनियमितताओं के मामले में सीआईडी और ईडी अलग-अलग जांच कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Bombay High Court: पटाखों की बिक्री पर रोक नहीं, लेकिन सार्वजनिक स्थानों और DJ पर पाबंदी

MV Govindan का आरोप: Kerala में Pinarayi Vijayan को घेरने के लिए UDF ने ED से मिलाया हाथ

SIAM के आंकड़े: दूसरी तिमाही में घरेलू Passenger Vehicles की थोक बिक्री 30.7 प्रतिशत बढ़ी

Care Nursing College में तोड़फोड़ और हंगामा, Hyderabad में NSUI कार्यकर्ताओं पर FIR