By प्रेस विज्ञप्ति | Sep 19, 2025
पटना। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में आयोजित सम्मान समारोह में हीरो एशिया कप, 2025 की विजेता की विजेता भारतीय टीम के खिलाड़ियों, मुख्य प्रशिक्षक, सहायक प्रशिक्षकों को 10-10 लाख रुपये एवं सपोर्ट स्टाफ को 5-5 लाख रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय हॉकी टीम के कप्तान श्री हरमनप्रीत सिंह को खिलाड़ियों तथा सहयोगी स्टाफ के लिये कुल 2 करोड़ 50 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों, मुख्य प्रशिक्षक, सहायक प्रशिक्षक, सपोर्ट स्टाफ को जीत की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्मंत्री ने सभी खिलाड़ियों के साथ ग्रुप तस्वीर भी खिंचवाई।
कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री को हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय हॉकी टीम के कप्तान श्री हरमन प्रीत सिंह ने कहा कि इस सम्मान के लिये मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी का शुक्रिया अदा करता हूं। श्री नीतीश कुमार जी का खेल के प्रति प्रेम और लगाव के लिये हम सभी अपना आभार व्यक्त करते हैं। बिहार के लोगों में हॉकी खेल के प्रति जुनून है, इसे हमलोगों ने महसूस किया है। आपके नेतृत्व में बिहार में काफी बदलाव हुआ है और बिहार आगे बढ़ रहा है। बिहार के लोगों में आपके प्रति अपार प्रेम है। आपने खेल और खिलाड़ियों को प्रेरित करने के लिये कई
इनिशिएटिव लिये हैं, इसकी प्रशंसा सभी जगह हो रही है। खेल और खिलाड़ियों के प्रति ऐसा स्नेह आपका हमेशा बना रहे। कार्यक्रम में हीरो एशिया कप- 2025 के सफल आयोजन से संबंधित वृत्तचित्र दिखाई गई। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, विकास आयुक्त डॉ० एस० सिद्धार्थ, सामान्य प्रशासन तथ खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री रवीन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक श्री महेन्द्र कुमार, हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान श्री हरमनप्रीत सिंह सहित भारतीय हॉकी टीम के सभी खिलाड़ी, सर्पोटिंग स्टाफ एवं सम्मानित होनेवाले सभी सदस्यगण उपस्थित थे।