By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 29, 2020
रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने भाजपा कार्यकर्ताओं को लाठी डंडे से खदेड़ने वाले हाल के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान की कड़ी आलोचना की है और कहा है कि मुख्यमंत्री संवैधानिक और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूल रहे हैं। प्रकाश ने बुधवार को एक बयान में कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं होता परंतु मुख्यमंत्री दोनों उपचुनाव में महाठगबंधन उम्मीदवार की करारी हार की आशंका को देखते हुए की ‘नीचता’ पर उतर आए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार हिंसा, तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार तथा लूट-खसोट पर टिकी हुई सरकार है।प्रकाश ने कहा कि झारखंड को लूटनेवाले एक सजायाफ्ता कैदी की सेवा करना ही सरकार अपना राजधर्म समझती है। उनके अनुसार यह सरकार महिलाओं को थाने में पिटवाना ,बेरोजगारों पर लाठीचार्ज करवाना,युवाओं की नौकरी छीनना ही अपना कर्तब्य समझती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हेमंत सरकार हिंसा को बढ़ावा देगी इसका प्रमाण उसकी पहली कैबिनेट बैठक से ही मिल गया था क्योंकि पहली कैबिनेट में ही इस सरकार ने राष्ट्र विरोधी लोगों के मुकदमे वापस ले लिये थे और आज उग्रवादी नक्सली फिर से राज्य को अशांत करने में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि इन उपचुनावों में जनता वर्तमान सरकार के अहंकार का करारा जवाब देगी।