CM Yogi ने UP में किया BJP के चुनाव अभियान का शुभारंभ, नारा दिया- फिर एक बार मोदी सरकार, इस बार भाजपा चार सौ पार

By नीरज कुमार दुबे | Jan 16, 2024

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर में भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 'फिर एक बार मोदी सरकार, इस बार भाजपा चार सौ पार' का नारा दिया। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर शुरू दीवार लेखन अभियान के तहत उन्होंने मंगलवार को गोरखपुर में जटाशंकर स्थित श्री विश्वकर्मा भगवान पंचायत मंदिर की दीवार पर भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल का फूल बनाया। इसके नीचे स्लोगन लिखा- फिर एक बार मोदी सरकार, इस बार भाजपा चार सौ पार। 

इसे भी पढ़ें: आधी आबादी की सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान सरकार की शीर्ष प्राथमिकता : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने चुनाव में सफलता के लिए मतदाताओं से बूथ प्रबंधन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि हमारे बूथ जितने मजबूत होंगे, मतदाताओं से हमारा संवाद जितना बेहतरीन होगा, हमारे प्रत्याशी उतने ही भारी मतों से विजयश्री प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि 2024 में हम सबका एक ही संकल्प होना चाहिए, 'एक बार फिर मोदी सरकार और भाजपा की सीटों की संख्या चार सौ पार'। सीएम योगी ने कहा कि दीवार लेखन अभियान का शुभारंभ कल राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली से कर देश को एक नया संकल्प दिया है। विकसित भारत यात्रा की तरह ही यह अभियान फलीभूत हो, इसके लिए सभी को प्राणपण से कार्य करना होगा। 

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें अपनी बात कहने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीते करीब दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने जो कार्य किए हैं, उन्हें जनता करीब से महसूस कर रही है। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से नागरिकों के मन में नया विश्वास पैदा हुआ है। देश-प्रदेश में वैश्विक स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्य हुए हैं। हाइवे, रेलवे और एयर कनेक्टिविटी की मजबूती हुई है। नए एम्स, आईआईटी बने हैं। कई योजनाओं ने नए मानक गढ़े हैं। योजनाओं की सिर्फ घोषणा नहीं हुई है, बल्कि शत प्रतिशत संतृप्तिकरण के प्रयास हुए हैं। अपनी बात रखने के क्रम में मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से फिर एक बार मोदी सरकार और इस बार भाजपा चार सौ पार के नारे भी लगवाए। 

हम आपको बता दें कि दीवार लेखन अभियान के अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने किया। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ल व बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सख्त

हम आपको यह भी बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी तैयारियों के साथ ही जन समस्याओं के निराकरण की दिशा में भी तेजी से सक्रिय रहते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू माफिया और कमजोरों को उजाड़ने वाले दबंग किसी भी दशा में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। हम आपको बता दें कि सीएम योगी मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक वह खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि उनके रहते किसी के साथ नाइंसाफी नहीं होगी। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। 

दरअसल कुछ लोगों ने भू माफिया द्वारा जमीन कब्जा करने की शिकायत की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भू माफिया को करारा सबक सिखाया जाएगा। उनके रहते कोई भी किसी कमजोर या गरीब को उजाड़ नहीं पाएगा। मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद प्रशासन व पुलिस के अफसरों को निर्देशित किया कि जबरन जमीन कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी दबंग, माफिया, अपराधी किसी की जमीन पर कब्जा न करने पाए। इसके अलावा, मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।

प्रमुख खबरें

Gulf of Oman में गरमाई Geopolitics, अमेरिकी नौसेना को देखते ही प्रतिबंधित टैंकर ने बदला रूट

Champions League: Barcelona के सामने Comeback की बड़ी चुनौती, Atletico से Quarter-final में करो या मरो की जंग।

Grandmaster Harika Dronavalli ने तोड़ी चुप्पी, नमस्ते विवाद पर बोलीं- Social Media पर गलत समझा गया

Asian Wrestling में भारत का गोल्डन डे, Sujit और Abhimanyu ने Gold Medal जीतकर रचा इतिहास