सीएम योगी ने दिल्‍ली में रेलवे स्‍टेशन पर भगदड़ से लोगों की मौत पर दुख जताया, अखिलेश ने ट्वीट कर सरकार को घेरा

By Prabhasakshi News Desk | Feb 16, 2025

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत होने पर रविवार को गहरा दुख प्रकट किया। वहीं उप्र के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने मामले को लेकर सरकार को घेरते हुए अपनी सलाह भी दी है। नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए।

प्लेटफार्म संख्या 14 और 15 पर प्रयागराज (जहां महाकुंभ का आयोजन किया गया है) जाने वाली ट्रेन पर सवार होने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’’

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में कई लोगों के हताहत होने की अत्यंत दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में घायल हुए लोगों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति:।’’

उप्र के उपमुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्‍स पर अपने शोक संदेश में कहा, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में कई लोगों के हताहत होने की अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक घटना से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें तथा पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्‍स पर एक पोस्ट किया, ‘‘ दिल्ली में महाकुंभ के श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हृदयविदारक है।

सकार पर हमला करते हुए इसी पोस्ट में यादव ने कहा,‘‘ सरकार में बैठे लोगों को राजनेता नहीं, बल्कि उन परिवार की तरह सोचना होगा जिसने अपने मां-बाप, भाई-बहन, बच्चे और नाते-रिश्तेदार खोये हैं। सपा प्रमुख ने कहा, मृतकों के शवों को ससम्मान उनके परिजनों तक पहुंचाने का ईमानदार इंतज़ाम किया जाए और घायलों को सर्वश्रेष्ठ उपचार उपलब्ध कराया जाए। भाजपा सरकार मौत का सच छिपाने का पाप न करे। बसपा प्रमुख मायावती ने अपने ‘एक्स’खाते पर कहा, प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़ के बीच, रेलवे की गंभीर लापरवाही के कारण मची भगदड़ में काफी लोगों की हुई मौत और लोगो के घायल होने की घटना अति-दुखद है। उन्होंने कहा, ‘‘पीड़ितों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ितों की पूरी मदद करे।

प्रमुख खबरें

Rahul Gandhi पर Devendra Fadnavis का तीखा हमला, लगाया विदेशी साजिश का आरोप

UP Government ने कर्मचारियों को दिया दिवाली तोहफा, 30 दिन के बोनस का ऐलान

PM Modi का 21 नवंबर को Vaishali दौरा, औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं की देंगे सौगात

Foreign Secretary Vikram Misri ने काठमांडू में नेपाल के नेता Ravi Lamichhane से की द्विपक्षीय बातचीत