Coal India का Capex पहली छमाही में 27% बढ़ा, खर्च किए ₹7,966 करोड़

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 27, 2026

 सार्वजनिक क्षेत्र की कोयला उत्पादक कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) का चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में पूंजीगत व्यय 27 प्रतिशत बढ़कर 7,966 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 6,283 करोड़ रुपये था। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि पूंजीगत व्यय बढ़ने की वजह खदानों का आधुनिकीकरण, उत्पादन क्षमता का विस्तार और देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए कोयले की निकासी से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रयास हैं। इस अवधि में व्यय 7,286 करोड़ रुपये के लक्ष्य से भी अधिक रहा। कंपनी ने पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) के लिए निर्धारित खर्च का 109 प्रतिशत हासिल किया। यह 16,500 करोड़ रुपये के सालाना पूंजीगत व्यय लक्ष्य का 48 प्रतिशत से अधिक है।

बयान में कहा गया, ‘‘संयंत्र एवं मशीनरी (पीएंडएम) श्रेणी के तहत पूंजीगत व्यय 1,394 करोड़ रुपये रहा। इसमें हेवी अर्थ मूविंग मशीनरी (एचईएमएम), कोयला धुलाई संयंत्रों और अन्य संयंत्रों एवं मशीनरी पर निवेश शामिल है।’’ इसमें कहा गया, ‘‘खनन कार्यों को मजबूत करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए एचईएमएम की खरीद पर 452 करोड़ रुपये खर्च किए गए।’’ 

कोल इंडिया ने अपने विविधीकरण कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ाया। कंपनी ने सौर ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों, कोयला गैसीकरण और ताप विद्युत उत्पादन सहित विभिन्न परियोजनाओं पर 739 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में खदानों के बुनियादी ढांचे का विकास, संयंत्र एवं मशीनरी, भूमि अधिग्रहण और विविधीकरण सीआईएल के पूंजीगत व्यय के प्रमुख हिस्से रहे। इन पर कुल पूंजीगत व्यय का 79 प्रतिशत से अधिक खर्च किया गया। 

कंपनी ने कहा कि इन निवेशों से उसकी परिचालन क्षमताओं में सुधार होने और चालू वित्त वर्ष के लिए उत्पादन एवं आपूर्ति लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलने की उम्मीद है। कोल इंडिया देश के कुल घरेलू कोयला उत्पादन में 80 प्रतिशत से अधिक का योगदान देती है।

प्रमुख खबरें

Theni जेलब्रेक के बाद DMK प्रमुख MK Stalin बोले, तमिलनाडु में कानून व्यवस्था फेल

गायक Ankit Baliyan हत्याकांड: न्याय की मांग पर अड़ी पत्नी सीमा रखेंगी Karva Chauth का व्रत

Kiren Rijiju ने फर्जी AI Video पर Congress को घेरा, देश से माफी मांगने की मांग की

चीनी घुसपैठ के दावे पर सेना का Fact-Check, किरेन रिजिजू बोले- कांग्रेस माफी मांगे