By Ankit Jaiswal | Nov 23, 2026
करीब 26 साल पहले बाजार से गायब हुआ यह पुराना पेय एक बार फिर वापसी की तैयारी में है। खबरों के मुताबिक, कोका-कोला अपने इस पुराने ब्रांड को कम चीनी या बिना चीनी वाले नए रूप में बाजार में उतार सकती है। कंपनी की इस तैयारी के पीछे बदलती पसंद और शीतल पेय बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को बड़ी वजह माना जा रहा है।
द इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, कोका-कोला गोल्ड स्पॉट को दोबारा बाजार में लाने पर विचार कर रही है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी इसकी वापसी की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसी बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी की गोल्ड स्पॉट के डिब्बों के साथ कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। इन तस्वीरों के बाद ब्रांड की वापसी को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि, यह साफ नहीं है कि धोनी को इस ब्रांड के प्रचार के लिए चुना गया है या नहीं।
गौरतलब है कि गोल्ड स्पॉट की शुरुआत पारले ने 1952 में की थी। उस समय भारत में बोतलबंद शीतल पेय का बाजार धीरे-धीरे अपनी जगह बना रहा था। संतरे के खास स्वाद और युवाओं को पसंद आने वाले प्रचार के कारण यह पेय काफी लोकप्रिय हुआ था। इसका नारा 'द जिंग थिंग' लोगों के बीच खूब चर्चित रहा। इसके अलावा 'लिव अ लिटल हॉट, सिप अ गोल्ड स्पॉट' भी इसकी पहचान बना था।
पारले ने बाद के वर्षों में अपने पेय कारोबार का विस्तार किया। कंपनी ने 1971 में लिम्का, 1974 में माजा और 1978 में थम्स अप बाजार में उतारा। साल 1977 में विदेशी कंपनियों के मालिकाना हक और कारोबारी नियमों को लेकर सरकार से मतभेद के बाद कोका-कोला भारत से बाहर चली गई थी। इसके बाद पारले के भारतीय पेय ब्रांडों ने बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
साल 1993 में भारत लौटने के बाद कोका-कोला ने पारले से गोल्ड स्पॉट के साथ थम्स अप, लिम्का, माजा, रिमझिम और सिट्रा जैसे ब्रांड भी खरीद लिए। लेकिन गोल्ड स्पॉट और कंपनी के अंतरराष्ट्रीय ब्रांड फैंटा का स्वाद और बाजार लगभग एक जैसा था। ऐसे में कंपनी ने फैंटा पर ज्यादा ध्यान देने का फैसला किया और 2000 में गोल्ड स्पॉट को बंद कर दिया।
अब इसकी वापसी की चर्चा ऐसे समय में हो रही है, जब भारतीय बाजार में रिलायंस का कैंपा और लाहौरी जीरा जैसे ब्रांड तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2025 के बीच छोटे ब्रांडों की संयुक्त बाजार हिस्सेदारी करीब 7% से बढ़कर 15% हो गई। वहीं, कोका-कोला और पेप्सिको की हिस्सेदारी 93% से घटकर करीब 85% रह गई।
रिलायंस के मुताबिक, कैंपा ने वित्त वर्ष 2025-26 में 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की कुल बिक्री दर्ज की है। दूसरी ओर, आईटीसी ने भी 250 मिलीलीटर के 60 रुपये वाले बिना चीनी के कोकोनट कोला के साथ इस बाजार में कदम रखा है।
एक और बड़ा बदलाव ग्राहकों की पसंद में आया है। अब लोग कम चीनी और बिना चीनी वाले पेय की ओर भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में गोल्ड स्पॉट की नई पेशकश कंपनी के लिए पुराने ग्राहकों को वापस जोड़ने और नए ग्राहकों तक पहुंचने का मौका बन सकती है।