By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026
(तस्वीरों के साथ) नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी इलाके में मंगलवार को दशहरा समारोह के दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ कॉकरोच के 30 फुट ऊंचे पुतले का भी दहन किया गया। श्री केशव रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के आयोजकों ने कहा कि कॉकरोच के पुतले का दहन अस्वच्छ वातावरण और बीमारियों के प्रसार से जुड़ी समस्याओं को उजागर करने के साथ-साथ लोगों को अपने घरों और आसपास के इलाकों को साफ रखने की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया। पीतमपुरा के नेताजी सुभाष प्लेस स्थित दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
उन्होंने कहा कि कॉकरोच अस्वच्छ परिस्थितियों से जुड़े होते हैं और इनसे एलर्जी तथा अस्थमा जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा के राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह, दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा और विश्व हिंदू परिषद की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष कपिल खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा सांसद सिंह ने कहा कि दशहरा सत्य, कर्तव्य और धार्मिकता के मूल्यों को फिर से अपनाने का अवसर है, जबकि मिश्रा ने दैनिक जीवन में त्योहारों से मिलने वाली सीख को शामिल करने के महत्व पर जोर दिया।
आयोजकों के अनुसार, खन्ना ने कहा कि रामलीला और दशहरा जैसे सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने और भारत की परंपराओं को संरक्षित करने में मदद करते हैं। इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने कॉकरोच का पुतला जलाने को लेकर आयोजकों के खिलाफ उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार से शिकायत की है। भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में आयोजकों पर जान-बूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने, हिंदू धर्म की पवित्र परंपराओं को बदलने और समुदायों के बीच दुश्मनी भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया।