FIFA World Cup: Daniel Muñoz बने कोलंबिया के हीरो, एक गोल से Congo को हराकर नॉकआउट में दिलाई जगह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 24, 2026

डैनियल मुनोज़ ने कांगो की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदते हुए गोल दागा जिससे कोलंबिया ने एक रोमांचक मुकाबले में 1-0 की जीत के साथ विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया। कांगो के गोलकीपर लियोनेल म्पासी ने शानदार प्रदर्शन करके कोलंबिया को अधिकतर समय गोल से वंचित रखा था लेकिन आखिर में मुनोज ने 76वें मिनट में गोल कर दिया जो निर्णायक साबित हुआ। म्पासी ने पहले 20 मिनट में पांच मुश्किल बचाव किए थे।

कोलंबिया के कोच नेस्टर लोरेंजो ने कहा, ‘‘हम और गोल कर सकते थे, लेकिन कांगो ने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन मुझे लगता है कि हम जीत के हकदार थे।’’ कोलंबिया के स्टार फॉरवर्ड लुइस डियाज़ के दूसरे हाफ के अंत में लगातार दो गोल रद्द कर दिए गए। पहला 79वें मिनट में फाउल के जबकि दूसरा 80वें मिनट में ऑफसाइड के कारण अमान्य घोषित किया गया। कांगो ने 52 साल बाद अपने पहले विश्व कप की शुरुआत क्रिस्टियानो रोनाल्डो और पुर्तगाल के खिलाफ 1-1 के ड्रॉ के साथ की थी।

कोलंबिया के ग्रुप के में दो मैचों में छह अंक हो गए हैं, जो पुर्तगाल से दो अंक और कांगो से पांच अंक अधिक है। इससे पहले मंगलवार को ह्यूस्टन में खेले गए मैच में पुर्तगाल ने रोनाल्डो के दो गोल की बदौलत उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया था। कोलंबिया को ग्रुप में शीर्ष पर रहने के लिए शनिवार को पुर्तगाल के खिलाफ मैच ड्र्रॉ करने की जरूरत होगी। यह नतीजा पुर्तगाल को नॉकआउट चरण में पहुंचाने के लिए भी काफी होगा। कोलंबिया विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर है, जो दक्षिण अमेरिकी टीमों में ब्राजील और अर्जेंटीना के बाद तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्थान है। उसने अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराया था।

प्रमुख खबरें

CWI का बड़ा फैसला, खिलाड़ियों के Contract में 25% कटौती और Super50 टूर्नामेंट पर लगाई रोक

नेपाल में भारी बारिश के बाद Bihar में अलर्ट, गंडक और कोसी तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी

CEC ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी पर अड़ी Congress, चंडीगढ़ में पुलिस ने वाटर कैनन से रोका

Fiscal Deficit को 4.3 प्रतिशत रखने के लिए Central Government लेगी 7.86 लाख करोड़ का कर्ज