Jewar Airport के नामकरण पर Congress का PM Modi पर तीखा हमला

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

कांग्रेस ने जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर रखे जाने के फैसले को लेकर मंगलवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हर बड़ी परियोजना पर अपना नाम दर्ज कराने की इतनी जल्दी में क्यों हैं और क्या उन्हें अब ‘झोला उठाने’ का वक्त करीब आता दिखने लगा है ? कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपने काम और फैसलों के जरिए विरासत बनाने के बजाय पद पर रहते हुए ही हर बड़ी परियोजना पर अपना नाम दर्ज कराने में लगे हैं। रमेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश के जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने 28 मार्च, 2026 को पूरे धूमधाम से किया था।

उन्होंने दावा किया कि अब तक इस हवाई अड्डे से एक भी निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू नहीं हुई है और यात्रियों की आवाजाही भी सुस्त है। इसके बावजूद इसका नाम बदलकर ‘नरेन्द्र मोदी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नोएडा-जेवर’ रख दिया गया। उन्होंने अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम का जिक्र करते हुए सवाल किया कि इसके बाद अगला नंबर किसका होगा?

कांग्रेस नेता ने कहा कि सवाल केवल नामकरण का नहीं, बल्कि इस बात का है कि प्रधानमंत्री अपनी विरासत बनाने के लिए अपने काम और फैसलों पर भरोसा करने के बजाय बड़ी परियोजनाओं पर अपना नाम दर्ज कराने की जल्दी में क्यों हैं ? उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि कहीं यह इस बात की बेचैनी तो नहीं कि कुर्सी छूटने के बाद कोई उनका नाम लेने वाला भी नहीं होगा। रमेश ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का उल्लेख करते हुए कहा कि जनवरी, 1949 में नेहरू ने हैदराबाद के फतेह मैदान का नाम अपने नाम पर रखने से इनकार कर दिया था।

दिसंबर 1956 में जम्मू-कश्मीर की बनिहाल सुरंग का नाम उनके सम्मान में रखने के प्रस्ताव को भी उन्होंने रोक दिया था। कांग्रेस महासचिव ने एम सी छागला की आत्मकथा ‘रोजेज इन दिसंबर’ का हवाला देते हुए कहा कि 1960 के दशक की शुरुआत में जब तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री छागला ने राजधानी में प्रस्तावित दूसरे विश्वविद्यालय का नाम नेहरू के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया, तो उन्होंने तत्काल इसे खारिज कर दिया था।

प्रमुख खबरें

सिख गुरुओं के बलिदान से सुरक्षित है भारत की पहचान: CM Yogi Adityanath

Bihar के AIMIM MLA अख्तरुल ईमान बोले- इस्लाम में महिलाओं के लिए पर्दा जरूरी

डेटा सुरक्षा को लेकर भारतीय सेना सख्त, सैन्यकर्मियों के लिए Facebook, TrueCaller, Snapchat समेत 87 ऐप हुए बैन

Supriya Sule के रुख पर बोले संजय राउत, परिसीमन में NDA का समर्थन विश्वासघात होगा